चूरू एसीबी की टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
चूरू, धोखाधड़ी के मामले में एफआर लगाने की एवज में एक महिला से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते सुजानगढ़ थाने के एएसआई को एसीबी ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई डीबी अस्पताल के सामने की है।एसीबी के डीएसपी शब्बीर खान ने बताया कि चूरू की उस्मानाबाद कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय महिला ने 3 सितंबर को एसीबी में शिकायत की थी कि उसकी विवाहित बेटी के गहने के मामले में ससुराल पक्ष पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवा रखा था। उसकी जांच सुजानगढ़ थाने का एएसआई सुमेर सिंह कर रहा था। एएसआई सुमेर सिंह धोखाधड़ी के मामले मे एफआर लगाने की एवज में महिला से 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। जिसमें 20 हजार रुपए पर सहमति बनी। एसीबी की टीम ने चार सितंबर को शिकायत का सत्यापन करवाया। इसी दिन पीड़िता ने एएसआई सुमेर सिंह को चार हजार रुपए रिश्वत के दिए। इसके बाद शुक्रवार को बकाया राशि देने की बात कही।एएसआई सुमेर सिंह बिसाउ कस्बे के गांव ढीलसर का रहने वाला है। हाल ही में उसके पिता का भी देहांत हो गया था, जो अपने गांव छुट्टी आया हुआ था। आज उसकी छुट्टी का आखरी दिन था। उसने पीड़िता को बकाया राशि 10 हजार रुपए लेकर डीबी अस्पताल के पास बुलाया, जहां शुक्रवार दोपहर डीबी अस्पताल के बाहर 10 हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था। इस दौरान एसीबी की टीम ने पहले से ही अपना जाल बिछा रखा था। एएसआई सुमेर सिंह को रिश्वत के 10 हजार रुपए के साथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई करने वाली टीम में डीएसपी शब्बीर खान, इंसपेक्टर महेन्द्र कुमार चावला, एएसआई गिरधारी सिंह, हेड कॉन्स्टेबल आबिद खान, हेड कॉन्स्टेबल कृष्ण सिंह, राकेश, राजकुमार, बसंत, दीपेश कुमार, श्रवण कुमार, रिपेन्द्र व प्रमोद पूनिया आदि शामिल थे।

