Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / Video News – मामले की जांच करने पहुंचे दो पुलिस कर्मियों से मारपीट

, ,

Video News – मामले की जांच करने पहुंचे दो पुलिस कर्मियों से मारपीट

दो भाईयों व उनके परिजनों ने लाठी व कुल्हाड़ी से की मारपीट, मारपीट की घटना में एक पुलिस कांस्टेबल के सिर में आई चोट

रतनगढ़ तहसील के कस्बा पड़िहारा की है घटना, पुलिस ने 2 भाईयों सहित 4 लोगों के खिलाफ किया मामला दर्ज

YouTube video

रतनगढ़, [सुभाष प्रजापत ] परिवाद की जांच करने पहुंचे दो कांस्टेबलों को दो भाईयों ने परिजनों के साथ मिलकर लाठी, कुल्हाड़ी एवं पाइप से वार कर घायल कर दिया। घटना में एक कांस्टेबल के सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों घायल कांस्टेबलों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। मामला रतनगढ़ तहसील के कस्बा पड़िहारा का है। इस संबंध में पड़िहारा पुलिस चौकी में कार्यरत कांस्टेबल दिलीपसिंह की रिपोर्ट पर रतनगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि पड़िहारा निवासी चुकीदेवी बावरी ने अपने पुत्र इंद्र बावरी के खिलाफ एक परिवाद पेश किया था। परिवाद की जांच हेतु कांस्टेबल दिलीपसिंह व राकेश कुमार इंद्र के घर पहुंचे तथा उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। इंद्र बावरी अपने घर में बने कमरे से बाहर आया, तो दोनों कांस्टेबल उसके घर की बाखळ में पहुंच गए। पुलिस को देखकर इंद्र गुस्सा हो गया, जिस पर उसके साथ समझाइश करने का प्रयास किया गया। इसी दौरान इंद्र का भाई पुरखाराम, इंद्र की पत्नी विमला व दादी तुलछादेवी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लाठी व कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर दिया, जिससे कांस्टेबल राकेश के सिर में गंभीर चोट आई तथा खून बहने लगा। दिलीप ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन पुरखाराम लाठी से, विमला पाइप से वार कर रही थी और दादी इन लोगों को मारपीट करने के लिए उकसा रही थी। जैसे-तैसे दोनों पुलिस कर्मी इंद्र के घर से बाहर निकले तथा अस्पताल पहुंचकर राकेश को भर्ती करवाया गया, जहां पर दोनों पुलिस कर्मियों का उपचार किया गया। घटना की सूचना पर डीवाईएसपी हिमांशु शर्मा एवं सीआई संजय पूनियां भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।