Hindi News / Churu News (चुरू समाचार) / वार्ड पंचों के उप चुनाव का कार्यक्रम घोषित, तैयारियां शुरू

वार्ड पंचों के उप चुनाव का कार्यक्रम घोषित, तैयारियां शुरू

चूरू, राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जिले की राजगढ, तारानगर, सरदारशहर, चूरू, रतनगढ़, सुजानगढ़ एवं बीदासर पंचायत समिति की विभिन्न ग्राम पंचायतों के रिक्त पड़े वार्ड पंचों का उप चुनाव करवाने के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। उप चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता के प्रावधान तुरंत प्रभाव से लागू हो गए हैं, जो चुनाव प्रक्रिया समाप्ति तक लागू रहेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) जिला कलक्टर सिद्धार्थ सिहाग ने प्रकोष्ठ गठन आदेश जारी कर विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे हैं।

जारी कार्यक्रम के अनुसार 17 अप्रैल 2023, सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियम 23 व सपठित 56 के अन्तर्गत निर्वाचन की लोकसूचना जारी की जाएगी। 30 अप्रैल, रविवार को सवेरे 10 बजे से सायं 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 1 मई, सोमवार को सवेरे 10 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 1 मई को नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरन्त बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन करते हुए चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 7 मई, रविवार को सवेरे 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात् पंचायत मुख्यालय पर मतगणना की जाएगी।

मतदान के दौरान मतदाताओं को अपनी पहचान साबित करने के लिए फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। किसी कारण से फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करने में असमर्थ रहने पर मतदान के लिए उसे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 12 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। इन दस्तावेजों में आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, आयकर पहचान पत्र, सांसदों, विधायकों को जारी सरकारी पहचान पत्र, केंद्र सरकार या राज्य सरकार, राज्य पब्लिक लिमिटेड कंपनी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम द्वारा अपने कर्मचारियों को जारी किए जाने वाले फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, श्रम मंत्रालय द्वारा जारी फोटोयुक्त स्वास्थ्य बीमा योजना स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी फोटोयुक्त छात्र पहचान पत्र, सक्षम प्राधिकारियों द्वारा जारी फोटोयुक्त शारीरिक विकलांगता प्रमाण पत्र, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक/सहकारी बैंक/डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक शामिल है।

इन पंचायतों के वार्डों में होगा उपचुनाव

जिले की राजगढ़ पंचायत समिति में बैरासर छोटा के वार्ड 11 व बिंजावास के वार्ड 6, तारानगर पंचायत समिति के ढ़ाणी कुम्हारान के वार्ड 9, सरदारशहर पंचायत समिति के घड़सीसर के वार्ड 1, 2, 3 व बरजांगसर के वार्ड 8, चूरू पंचायत समिति के खंडवा पट्टा के वार्ड 10 व रिबिया के वार्ड 9, रतनगढ़ पंचायत समिति के मैलूसर के वार्ड 11, हुडेरा अगुणा के वार्ड 1, पड़िहारा के वार्ड 7 व गौरीसर के वार्ड 11, सुजानगढ़ पंचायत समिति के कोलासर के वार्ड 5, बीदासर के ईयारा के वार्ड 9 व ज्याक के वार्ड 2 एवं राजगढ़ पंचायत समिति के घणाऊ के वार्ड 11 में वार्ड पंचों के उप चुनाव होंगे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur