Twisha Sharma Death Case: भोपाल में मॉडल और MBA ग्रेजुएट त्विषा शर्मा की मौत का मामला अब देशभर में सुर्खियों में है. शादी के महज कुछ महीनों बाद हुई मौत, मां को भेजे गए दर्दभरे मैसेज, दहेज प्रताड़ना के आरोप, रिटायर्ड जज सास पर सवाल और अब CBI जांच की सिफारिश… इस केस में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं.
12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में 33 वर्षीय त्विषा शर्मा मृत पाई गई थीं. शुरुआत में मामला आत्महत्या का बताया गया, लेकिन परिवार ने दहेज प्रताड़ना और साजिश का आरोप लगाया. अब यह मामला राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तर पर बड़ा मुद्दा बन चुका है.
‘मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी’
त्विषा और उनकी मां के बीच हुई व्हाट्सएप चैट ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया. चैट में त्विषा अपनी शादीशुदा जिंदगी से परेशान नजर आईं. उन्होंने मां को लिखा था – “मेरा जीवन नरक हो गया है मम्मी… मुझे यहां से वापस ले जाओ.”
परिजनों का दावा है कि शादी के बाद से ही वह मानसिक तनाव में थीं. दोस्तों के साथ चैट में भी उन्होंने खुद को “फंसा हुआ” महसूस करने की बात कही थी. परिवार का आरोप है कि त्विषा पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था.
शादी के 5 महीने बाद मौत
त्विषा शर्मा की मुलाकात समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी. शादी के करीब पांच महीने बाद ही त्विषा की मौत हो गई. परिवार का कहना है कि वह भोपाल छोड़कर वापस नोएडा आना चाहती थीं. रिश्तेदारों के मुताबिक उनका वजन भी तेजी से कम हो गया था और वह लगातार परेशान रहती थीं.
पति और सास पर केस दर्ज
भोपाल पुलिस ने त्विषा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और उत्पीड़न समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है. गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज हैं और फिलहाल उनकी भूमिका भी जांच के घेरे में है. परिवार ने आरोप लगाया कि मौत के बाद कई प्रभावशाली लोगों को फोन किए गए. यहां तक कि घर में CCTV लगाने वालों से भी संपर्क किया गया. परिजनों का दावा है कि जांच को प्रभावित करने की कोशिश हुई.
CBI जांच की सिफारिश
मामले ने तूल पकड़ने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश कर दी है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने परिवार को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है. त्विषा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने इसे “न्याय की दिशा में पहला कदम” बताया. वहीं परिवार लगातार AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करता रहा.
दोबारा पोस्टमार्टम को मंजूरी
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने त्विषा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी है. दिल्ली AIIMS के डॉक्टरों की टीम भोपाल जाकर पोस्टमार्टम करेगी. परिवार का आरोप है कि पहले पोस्टमार्टम में कई खामियां थीं. हाई कोर्ट ने शव सुरक्षित रखने के भी निर्देश दिए हैं.
समर्थ सिंह हिरासत में
त्विषा शर्मा केस में बड़ा घटनाक्रम तब हुआ जब आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर में हिरासत में लिया गया. वह कोर्ट में आत्मसमर्पण करने पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया. समर्थ सिंह की गिरफ्तारी की सूचना देने पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. इस बीच बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने भी समर्थ सिंह को वकालत करने से निलंबित कर दिया है.
परिवार की क्या मांग है?
- CBI से निष्पक्ष जांच
- डिजिटल सबूतों की फॉरेंसिक जांच
- कॉल रिकॉर्ड और CCTV की जांच
- गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत रद्द हो
- दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
क्यों चर्चा में है यह मामला?
यह मामला सिर्फ एक संदिग्ध मौत का नहीं, बल्कि दहेज, मानसिक प्रताड़ना, प्रभावशाली लोगों की भूमिका और जांच की पारदर्शिता जैसे कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. सोशल मीडिया पर #JusticeForTwisha तेजी से ट्रेंड कर रहा है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.





