बगड़, राष्ट्रीय युवा सप्ताह के अंतर्गत शिवओंकार माहेश्वरी तकनीकी संस्थान (एस.एम.टी.आई) में व्यावसायिक कौशल दक्षता प्रदर्शिनी का शुभारम्भ हुआ।
प्रदर्शिनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि दयानन्द यादव, जिला रोजगार अधिकारी झुंझुनूं, विशिष्ट अतिथि उमा पुरोहित, प्रधानाचार्य पीरामल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बगड़ एवं संस्थान सीईओ विकास खटोड़ ने फीता काटकर किया।
अतिथियों का पारंपरिक स्वागत
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत सीईओ विकास खटोड़, आईटीआई अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा, फार्मसी कॉलेज प्राचार्य डॉ. विवेक कौशिक, नवीन सैनी एवं बाबूलाल सैनी द्वारा दुपट्टा पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
युवाओं की कार्यकुशलता का प्रदर्शन
आईटीआई अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी युवाओं और आसपास के विद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों और विभिन्न ट्रेड्स की कौशल गुणवत्ता को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया है।
प्रशिक्षणार्थियों ने अपनी तकनीकी दक्षता को आकर्षक मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
ये रहे प्रदर्शिनी के प्रमुख मॉडल
प्रदर्शिनी में आईटीआई बगड़, आईटीओटी और कृष्णादेवी माहेश्वरी फार्मेसी कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए कई मॉडल चर्चा का विषय रहे, जिनमें प्रमुख हैं
-
वेल्डर ट्रेड का तोप का लाइव मॉडल (20 फीट तक मारक क्षमता)
-
इलेक्ट्रीशियन ट्रेड का ऑटोमेटिक वाटर डिस्पेंसर
-
आर.ए.सी ट्रेड का फेन क्वाइल यूनिट
-
फिटर ट्रेड का इंडियन मैप मॉडल
-
आईटीओटी सीएसए ट्रेड का सैटेलाइट कम्युनिकेशन
-
फार्मेसी का हार्ट पंपिंग मॉडल
अतिथियों ने विद्यार्थियों की कार्यकुशलता और नवाचार की प्रशंसा की।
494 विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शिनी का अवलोकन
प्रशिक्षणार्थियों का उत्साह बढ़ाने हेतु आसपास के आठ विद्यालयों से आए कुल 494 छात्र-छात्राओं एवं अध्यापकों ने प्रदर्शिनी का अवलोकन किया।
इनमें ओजटू, घरड़ाना खुर्द, बगड़, जीणी, सूरजगढ़ सहित विभिन्न सरकारी व निजी विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल रहे।
युवाओं को मिला प्रेरणादायक मंच
प्रदर्शिनी से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के प्रति जागरूकता मिली। कार्यक्रम ने युवाओं को कौशल आधारित करियर के लिए प्रेरित किया।
