Hindi News / General News / आर्थिक गतिविधियां जरूरी लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और पर्सनल हाईजीन का ध्यान रखें लोग – संदेश नायक

आर्थिक गतिविधियां जरूरी लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और पर्सनल हाईजीन का ध्यान रखें लोग – संदेश नायक

जिला कलक्टर संदेश नायक, एसपी तेजस्वनी गौतम ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी

चूरू, जिला कलक्टर संदेश नायक ने कहा है कि कोविड-19 अंतर्गत चल रहे लॉक डाउन में अब आर्थिक गतिविधियों का शुरू किया जाना जरूरी है लेकिन साथ ही दुकानदारों एवं आमजन को सोशल डिस्टेसिंग और पर्सनल हाईजीन का भी ध्यान रखना होगा, तभी हम अपने आपको इस महामारी के संक्रमण से बचा सकेंगे। जिला कलक्टर आज मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान एसपी तेजस्वनी गौतम, सीएमएचओ डॉ बीएल सर्वा, सहायक निदेशक (जनसंपर्क) कुमार अजय भी मौजूद थे। जिला कलक्टर ने चूरू जिले में अब तक कोविड प्रकरणों की स्थिति, किए जा रहे इंतजाम और उपायों पर चर्चा करते हुए कहा कि स्थिति पूर्णतया नियंत्रण में हैं और राज्य सरकार के निर्देशानुसार दूसरे प्रदेशों से आए प्रवासी श्रमिकों को अनिवार्य तौर पर क्वारेंटीन किया जा रहा है। जिलेभर से प्रत्येक ब्लॉक से सैंपलिंग करवाई जा रही है। पॉजिटिव प्रकरणों के अनुसार कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, सैंपलिंग और सर्वे भी समुचित ढंग से किए जा रहे हैं। जिले में श्रमिकों के पैदल चलने संबंधी कोई प्रकरण नहीं है। बाहर से आने वाले और बाहर जाने वाले समस्त श्रमिकों, नागरिकों को राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार पूरा सहयोग किया जा रहा है। उन्होेंने कहा कि धीरे-धीरे आर्थिक गतिविधियां को खोला जाना जरूरी है और काफी हद तक सोशल डिस्टेंसिंग और पर्सनल हाईजीन लोगों के अभ्यास में आई है। हर व्यक्ति जागरुक हुआ है और यही जागरुकता कोविड-19 के संक्रमण से बचाने में कारगर साबित होगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिले में धारा 144 लागू रहेगी, विवाह के लिए अनुमति लेनी होगी, पार्क, खेल स्टेडियम (केवल अभ्यास के लिए, आयोजन के लिए नहीं) खुलेंगे। शॉपिंग मॉल्स के अलावा दुकानें खुलेंगी लेकिन दुकानदारों को और ग्राहकों को सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करनी होगी। उन्होंने कहा कि जिले में लोगों की जागरुकता के कारण कम्युनिटी स्प्रीडिंग की स्थिति अभी नहीं है लेकिन इस जागरुकता को हमें आने वाले समय में भी निभाना होगा। उन्हाेंने कहा कि पर्सनल हाईजीन पर विशेष ध्यान देना होगा। साथ खाना खाने, एक ही बोतल से पानी पीने जैसी गतिविधियों को हमें खासतौर पर अवॉयड करना होगा। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी सेहत अच्छी रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए सतत प्रयासरत रहना चाहिए। एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने पर, बिना मास्क मिलने पर कार्रवाई की गई है तथा भविष्य में यह कार्रवाई अधिक बड़े स्तर पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट चलने वाले तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वाले वाहनों, वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। धारा 144, महामारी अधिनियम तथा सरकार की ओर से जारी एडवायजरी, प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur