Hindi News / General News / आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण करने वाले प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू की पुण्यतिथि मनाई

आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण करने वाले प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू की पुण्यतिथि मनाई

आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में

सूरजगढ़, आज बुधवार को गांधी कृषि फार्म कुम्हारों का बास सूरजगढ़ में आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में स्वाधीनता आंदोलन के अग्रणी नेता, महान स्वतंत्रता सेनानी, आत्मनिर्भर आधुनिक भारत का निर्माण करने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि मनाई। दीप प्रज्वलित कर पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उनके संघर्ष और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया। श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि महान स्वतंत्रता सेनानी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्रता के पूर्व और पश्चात की भारतीय राजनीति के केंद्रीय व्यक्तित्व थे। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाकर अन्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के साथ मिलकर देश को आजादी दिलाई थी। आजादी के बाद प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में सशक्त आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया। देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था की बेहद मजबूती के साथ नींव स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश में आम लोगों की आवाज बनने वाली बेहद सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था को लागू करने के साथ संवैधानिक संस्थाओं का निर्माण किया। भारत की बुनियादी रचना पंचवर्षीय योजनाएं, निर्वाचन आयोग, संविधान, वैज्ञानिक वृत्ति, समाजवाद, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक सहमति के वास्तुविद, स्वतंत्रता के बाद आधुनिक राष्ट्र का निर्माण करने वाले प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया। आधुनिक भारत के शिल्पकार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अपना संपूर्ण जीवन भारत की आजादी और राष्ट्र के निर्माण में समर्पित किया था। नेहरू जी के बारे में लिखना सूर्य को दीपक दिखाने के समान है, क्योंकि उनके संस्मरणों से देश की आजादी की गाथा के इतिहास में अनेक अध्याय भरे पड़े हैं। नेहरू एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के साथ-साथ अदभुत आकर्षक व्यक्तित्व के धनी, ओजस्वी वक्ता, उत्कृष्ट लेखक, इतिहासकार, आधुनिक भारत का सपना देखने वाले महान स्वपनदृष्टा थे, सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देश में आधुनिक भारत के शिल्पकार के ख़िताब से नवाज़े जाने का श्रेय अगर किसी एक व्यक्ति को जाता है तो वो नि:संदेह सबसे पहले भारत के प्रथम प्रधानमंत्री भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू को ही जाता है। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राजेंद्र कुमार, चाँदकौर, धर्मपाल गांधी, रवि कुमार, सुनील गांधी, सतीश कुमार, सोनू कुमारी, दिनेश कुमार, पिंकी नरनोलिया, अमित कुमार, अंजू, संजय कुमार आदि अन्य लोग शामिल रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur