Hindi News / General News / लेखिका रेनू मिश्रा की नई पुस्तक “पल्लव” का किया विमोचन

लेखिका रेनू मिश्रा की नई पुस्तक “पल्लव” का किया विमोचन

आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय में रेनू मिश्रा की पुस्तक का हुआ विमोचन

झुंझुनू, राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र झुन्झुनूं जिले के सूरजगढ़ में आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय में गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड से सम्मानित लेखिका रेनू मिश्रा ‘दीपशिखा’ की नई पुस्तक ‘पल्लव’ का विमोचन पूर्व प्राचार्य डॉ.एस.आर. प्रेमी द्वारा किया गया। इस मौके पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी, प्रिया बिंदल, अंजू गांधी, रवि कुमार, सुनील गांधी, दिनेश कुमार आदि अन्य लोग मौजूद रहे। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि लेखिका रेनू मिश्रा ‘दीपशिखा’ उत्तर प्रदेश से प्रयागराज की रहने वाली है। लेखिका रेनू मिश्रा आदर्श समाज समिति इंडिया की वरिष्ठ सदस्य होने के अलावा शिक्षा, समाज सेवा और लेखन के क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। वर्ष 2020 में इन्हें गांधी सेवा रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। भारती परिषद्, प्रयाग इलाहाबाद द्वारा रेनू मिश्रा की नई पुस्तक ‘पल्लव’ प्रकाशित होने की खुशी में आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई है।

हिंदी साहित्य साधना में लेखन के विविध आयाम द्वारा अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही रेनू मिश्रा की नवीनतम काव्य-कृति,”पल्लव” अपनी विशिष्ट सामाजिक संवेदना में अत्यंत प्रशंसनीय कृति है। इस काव्य- कृति में कवयित्री ने वर्तमान परिप्रेक्ष्य में जीवन- संदर्भों को बड़ी सूक्ष्मता एवं गहनता से अनुभव करते हुए भावाभिव्यक्ति देने में सफलता पाई है। “पल्लव” उम्मीदों की रोशनी से जगमग करने वाला समकालीन रचनाओं का एक अनूठा काव्य संग्रह है। धरती पर सुंदर जीवन को रचती सुरम्य प्रकृति और इसके साथ मनुष्य के जीवन के बदलते संदर्भों ने इसके समग्र रूपरंग के साथ इसके सारे ताने-बाने को बदल दिया है और कवयित्री ने इससे उभरे सवालों को अपने काव्य चिंतन में समुचित रूप से समेटा है। रेनू मिश्रा का यह काव्य संग्रह “पल्लव” सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार करता हुआ पर्यावरण सुरक्षा, भ्रूणहत्या, बेटी बचाओ, मानवीय मूल्यों, भारतीय संस्कृति, राजनीति एवं समाज सुधार का एक सशक्त माध्यम सिद्ध होगा। आदर्श समाज समिति इंडिया परिवार प्रकाशन मंडल व कवयित्री श्रीमती रेनू मिश्रा ‘दीपशिखा’ को शुभकामनायें प्रेषित करते हुए इनके द्वारा प्रकाशित काव्य संग्रह “पल्लव” का तहेदिल से स्वागत करता है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur