Hindi News / General News / शारीरिक शिक्षकों के योगदान से ही खेलों में अग्रणी है चूरू

शारीरिक शिक्षकों के योगदान से ही खेलों में अग्रणी है चूरू

खेल शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ उप जिला शिक्षा अधिकारी धर्मपाल धांधू का किया सम्मान

चूरू, खेल शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए शनिवार को हुए कार्यक्रम में राजस्थानी शारीरिक शिक्षक संघ, चूरू की ओर से वरिष्ठ उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) धर्मपाल सिंह धांधू का सम्मान किया गया। जिलेभर से आए शारीरिक शिक्षकों ने शॉल, साफा, श्रीफल भेंट कर तथा माल्यार्पण कर धांधू का सम्मान किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शारीरिक शिक्षक चैनरूप दायमा ने कहा कि राजकीय सेवा के अंतिम दिनों तक सक्रिय रहकर अपने कर्तव्य का निष्ठा से निर्वहन करने वाले धांधू की जितनी सराहना की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि धांधू ने अपनी कार्यकुशलता, सक्रियता, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशीलता से न केवल अपने विद्यार्थियों का स्नेह अर्जित किया है, बल्कि साथी शिक्षकों के भी सम्मान के पात्र बने हैं।
अध्यक्षता करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) निसार अहमद खान ने कहा कि चूरू जिला आज खेलों के क्षेत्र में अग्रणी है और राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में हमारे बच्चे अपना दमखम दिखा रहे हैं, तो इसके पीछे शारीरिक शिक्षकों की मेहनत और साधना ही है। उन्होंने कहा कि धर्मपाल धांधू की सक्रियता और सजगता हम सभी के लिए प्रेरणा है। बेहतर कार्यकुशलता के साथ-साथ इनकी नेतृत्व क्षमता भी जबर है। विशिष्ट अतिथि गोइन्का राउमावि के प्रधानाचार्य कासम अली ने कहा कि एक सच्चा शिक्षक अपने जीवन में हजारों विद्यार्थियों का प्यार और सम्मान अर्जित करता है। धांधू के प्रति इनके साथियों और विद्यार्थियों में जो भावना है, वह इनकी कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की सार्थकता को बयान करती है। जिला अध्यक्ष रामसिंह सिहाग ने धांधू की विभिन्न उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और उनके सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और व्यवहार की सराहना की। जिला मंत्री जुगलकिशोर पूनियां, महिला मंत्री मोहनी देवी, सफी मोहम्मद गांधी आदि ने विचार व्यक्त करते हुए धांधू के व्यक्तित्व और कृतित्व को सराहा। संचालन वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक सुधीर सहारण ने किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur