Hindi News / General News / कांग्रेस किसको भारत का नागरिक बनाना चाहती है स्पष्ट बताए – ओंकार सिंह लाखावत

कांग्रेस किसको भारत का नागरिक बनाना चाहती है स्पष्ट बताए – ओंकार सिंह लाखावत

भाजपा की एनआरसी तथा आगामी पंचायत चुनाव को लेकर प्रेस कांफ्रेंस

झुंझुनू, भाजपा जिला कार्यालय में आज एनआरसी के मामले तथा आगामी पंचायत चुनाव को लेकर एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंचायत चुनाव संभाग प्रभारी ओंकार सिंह लाखावत, सह प्रभारी महेंद्र यादव, सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती, झुंझुनू सांसद नरेंद्र खीचड़, सूरजगढ़ विधायक सुभाष पूनिया, जिलाध्यक्ष पवन मांवडिया, विश्वंभर पूनिया उपस्थित थे। इसमें ओंकार सिंह लाखावत ने एनआरसी के मामले पर बोलते हुए कहा कि जिन देशों में आजादी से पहले अल्पसंख्यक अच्छी तादाद में थे वहां आज कुछ ही शेष रह गए हैं इसमें हिंदू, बौद्ध, जैन, पारसी, क्रिश्चियन इत्यादि प्रमुख हैं। इसमें कांग्रेस किसको और शामिल करवाना चाहती है वह स्पष्ट बताएं। उन्होंने कहा कि 1985 में असम में एनआरसी पर तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने साइन किए थे, उसकी घोषणा करने वाले तत्कालीन कांग्रेस के लोग थे। लेकिन जानबूझकर इसमें कांग्रेस द्वारा लोगों में भ्रम फैलाया जा रहा है। कांग्रेस बताए कि वह पाकिस्तान के आतंकवादी जो भारत में घुस कर आ रहे हैं या बांग्लादेश के घुसपैठिए है उनको यहां के नागरिक बनाना चाहती है। वह स्पष्ट बताएं कि किसको यहां नागरिक बनाना चाहती है। साथ ही उन्होंने कहा कि एनआरसी के लिए अभी कोई प्रक्रिया चालू नहीं हुई है अभी जो प्रक्रिया चल रही है वह जनगणना की चल रही है कांग्रेस इसमें लोगों में भ्रम फैला रही है। वहीं उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बारे में कहा कि वह बयान दे रहे हैं कि हम इसे राजस्थान में लागू नहीं करेंगे तो यह कोई स्टेट का विषय नहीं है। इस अवसर पर उपस्थित सीकर सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने एनआरसी के मामले पर कांग्रेस का चरित्र दोहरा बताया। उन्होंने कहा कि जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब अशोक गहलोत ने ऐसे वंचित लोगों को नागरिकता दिलवाने के लिए पत्र लिखा था। आज वही इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं। वहीं आगामी ग्राम पंचायत चुनाव के बारे में ओंकार सिंह लाखावत ने बोलते हुए कहा कि यह कार्यकर्ता का चुनाव है स्थानीय स्तर के कार्यकर्ताओं को शामिल कर अच्छे प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे इसके लिए आज हम विचार-विमर्श करने के लिए बैठक कर रहे हैं। इस अवसर पर इंजीनियर प्यारेलाल ढूकिया, राजेंद्र भाम्भू, जिला प्रवक्ता कमल कांत शर्मा, उप जिला प्रमुख बनवारी लाल सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur