Hindi News / General News / कोरोना वायरस के तीनों पॉजीटिव मरीजो के स्वास्थ्य में हुआ सुधार

कोरोना वायरस के तीनों पॉजीटिव मरीजो के स्वास्थ्य में हुआ सुधार

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्यवाही

झुंझुनू, जिला कलक्टर यू.डी.खान ने कहा है कि जिले में 18 मार्च को कोरोना वायरस के जो तीन पॉजीटिव केस मिले है। उनका जयपुर एसएमएस अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिनके स्वास्थ्य में काफी सुधार हो रहा है। उनके सम्पर्क में आने वाले परिवार एवं अन्य लोगों के सैम्पल जयपुर भिजवाएं गए है, जिनकी अभी सूचना आनी शेष है। वे आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन एवं बस स्टेड पर आवश्यक रूप से सर्वे टीम को लगाए एवं स्कैनिंग का कार्य संपादित करवाएं। उन्होंने कहा कि यह सभी व्यवस्थाएं लोगों के हितों एवं उनके स्वास्थ्य के लिए की जा रही है इसमें सहयोग देवें।
सख्ती से करवाई जाएगी पालना – जिला कलक्टर ने कहा कि विदेश से आने वाले लोगों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है प्रत्येक व्यक्ति पर एक-एक राजकीय कार्मिक नियुक्त किया गया है, जो उसके स्वास्थ्य की सूचना चिकित्सा विभाग को देने तथा उसे घर में ही रहने के लिए पाबंद करने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इसकी पालना नहीं करता है तो प्रशासन उससे सख्ती से पेश आएगा। उन्होंने विदेश से आने वाले लोगों से कहा है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और 14 दिन तक अपने घर पर ही रहे तथा कम से कम लोगों से सम्पर्क स्थापित करें, ताकि इस संक्रमण को फैलने से रोका जा सकें। उन्होंने बताया कि जेजेटी यूनिवसिर्टी चुडैला में बनाए गए विशेष वार्ड में 29 तथा सिंधानियां यूनिवसिर्टी के विशेष वार्ड में 87 व्यक्तियों को रखा गया है। वहीं एतियात के तौर पर सेठ मोतीलाल कॉलेज की लॉ बिल्डिंग, जेजेटी यूनिवसिर्टी की हॉस्टल बिल्डिंग तथा राणी सती मंदिर के चौथे चौक को रिजर्व के रूप में रखा गया है।
नरहड दरगाह का उर्स स्थगित -जिला कलक्टर ने बताया कि जिले की नरहड दरगाह का उर्स स्थगित कर दिया गया है। दरगाह परिसर को पूरी तरह खाली करवा दिया गया है। जायरिनों को यहां नहीं आने की सलाह दी गई है। जिले के बोर्ड को सीज कर दिया गया है वहां पर पूरी तरह पडताल करने के बाद ही वाहनों को जिले में प्रवेश दिया जाएगा तथा हरियाणा, पंजाब एवं राज्य के अन्य जिलों से आने वाले जायरिनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को किया जाएगा बंद- जिला कलक्टर ने प्रेस वार्ता में बताया कि शहर मेें पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के तहत किसी भी प्रकार की सरकारी एवं प्राईवेट बसों तथा निजी वाहन जो सार्वजनिक सवारियों को लाने व ले जाने का कार्य करते उनको शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने शादी समारोह या अन्य किसी निजी या सावर्जनिक समारोह को बडे स्तर पर नहीं करने के निर्देश दिए है।
कफ्र्यू एरिया में खाद्य सामग्री की हो रही है सप्लाई- शहर में एक किमी क्षेत्र में लगे कफ्र्यू एरिया में जिला प्रशासन द्वारा दूध, बरेड, सब्जी, दाल सहित अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई करवा जा रही है, ताकि उसे एरिया के लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पडे।
घरो से नहीं निकले बाहर- जिला कलक्टर ने अपील की है कि लोग बिना किसी काम के घरों से बाहर नहीं निकलें। अगर आवश्यक हो तो पूरी अलर्टनेस और आवश्यक बचाव का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी के लिए नेशनल, स्टेट एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से आमजन सम्पर्क कर सकता है।
अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्यवाही – जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि कोरोना वायरस को लेकर जो लोग सोशल मीडिया या अन्य किसी प्रकार से डायरेक्ट या इनडायरेक्ट अफवाह फैला रहे है उन पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इसलिए ऎसी पोस्ट करने से बचे और लोगों को जागरूक करने का कार्य करें। उन्होंने इस तरह की भ्रामक अफवाह फैलाने वाले लोगों की जानकारी पुलिस कन्ट्रोल रूम के व्हाट्सएप नम्बर 9530415980 पर देवें, ताकि भ्रामक अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरूद्व कानूनी र्कायवाही अमल में लाई जा सके। अधिकृत सूत्रों से प्रसारित होने वाले समाचार या न्यूज चैनलों की पुख्ता जानकारी पर ही विश्वास करें।
जिले में चल रहे सर्वे में आमजन करें सहयोग – जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चन्द्र शर्मा ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिलेभर में जो सर्वे की कार्यवाही चल रही है यह मेडिकल विभाग की टीम द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ जगहों पर लोग ऎसे सर्वे में सहयोग नहीं कर रहें है वहां यह भ्रांतिया फैलाई जा रही है कि यह अलग तरह का सर्वे है। ऎसा कुछ नहीं है यह सिर्फ आमजन के स्वास्थ्य के लिए किया जा रहा है इससे डरने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि टीम के सदस्यों का डे्रस कोड होना आवश्यक है।
कल भी होगा सर्वे का कार्य – जिले में चल रहे सर्वे का कार्य कल भी जारी रहेगा। परिवार कल्याण निदेशालय जयपुर के निदेशक डॉ. आर.एस. छींपी ने बताया कि शुक्रवार तक 97 हजार से अधिक परिवारों का सर्वे करवा जा चुका है। शनिवार को भी मेडिकल टीम की ओर से सर्वे जारी रहेगा। जिले से भेजे गए 23 सैम्पल में से 16 सैम्पल नेगेटिव पाए गए है, सिर्फ तीन सैम्पल ही पॉजिटिव मिले जिनका इलाज जयपुर चल रहा है, शेष की रिपोर्ट अभी अंडर प्रोसेस है। इस अवसर पर परिवार कल्याण निदेशालय के छिपी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह दूतड, अतिरिक्त जिला कलक्टर राजेन्द्र अग्रवाल सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur