Hindi News / General News / देशभक्ति के जज्बे के साथ स्वच्छता का संदेश लेकर पहुंचे अर्द्धसैनिक बलों के जवान

देशभक्ति के जज्बे के साथ स्वच्छता का संदेश लेकर पहुंचे अर्द्धसैनिक बलों के जवान

संदेश साईकिल रैली के रूप में

चूरू, बीएसएफ एवं केंद्रीय अद्र्धसैनिक बलों के पांच सौ जवान गुरुवार को अहिंसा, स्वच्छता और नशीली दवाओं को लेकर जागरुकता का संदेश साईकिल रैली के रूप में चूरू पहुंचे। महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित साईकिल रैली में शामिल जवान देशभक्ति के जज्बे से लबरेज नजर आए। रैली मार्ग जवानों की ओर से लगाए जा रहे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदेमातरम’ के नारों से गुंजायमान नजर आया।
चूरू जिले की सीमा में प्रवेश करने पर विभिन्न कस्बों, गांवों में साईकिल रैली का स्वागत किया गया। रैली कॉर्डिनेटर बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट (इंटेलीजेंस) धीरेंद्र सिंह शेखावत एवं डिप्टी कमांडेंट प्रमोद कुमार जोशी आदि अधिकारियों की अगुवाई में आई साईकिल रैली में सीमा सुरक्षा बल के 100, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के 65, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 100, भारत तिब्बत सीमा सुरक्षा बल के 50, सशस्त्र सीमा बल के 70, राष्ट्रीय सुरक्षा बल के 50 तथा असम राईफल्स के 50 कार्मिक भाग ले रहे हैं। बीएसएफ कंमांडेंट एमके नेगी ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य महात्मा गांधी के दिए मंत्र अहिंसा और स्वच्छता का संदेश देना तथा युवाओं को नशीली दवाओं के दुरुपयोग को लेकर जागरुक करना है। रैली शुक्रवार सवेरे 8.30 बजे झुंझुनूं के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि पोरबंदर गुजरात से रवाना हुई रैली 2 अक्टूबर को राजघाट, नई दिल्ली में संपन्न होगी। इस दौरान चूरू तहसीलदार, द्वितीय कमान अधिकारी बाबूलाल यादव, असिस्टैंट कमांडेंट अनिल रणवां, बीएसएफ इंस्पेक्टर (इंटेलीजेंस) सुनील कुमार, जलदाय विभाग के एक्सईएन रामकुमार झाझड़िया सहित अधिकारी, विभिन्न अद्र्धसैनिक बलों के जवाना एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur