Hindi News / General News / गांधी एक विचार है, जो हमेशा प्रासंगिक रहेगा

गांधी एक विचार है, जो हमेशा प्रासंगिक रहेगा

वृक्षारोपण एवं विचार गोष्ठी के साथ हुआ अगस्त क्रांति सप्ताह का आगाज

चूरू, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर राज्य सरकार के निर्देशानुसार कला, संस्कृति, साहित्य एवं पुरातत्व विभाग, जिला प्रशासन तथा महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति, चूरू की ओर से आयोजित अगस्त क्रांति कार्यक्रम का आगाज रविवार सवेरे कलक्ट्रेट स्थित गांधी वाटिका पर वृक्षारोपण एवं आंदोलन केंद्रित विचार गोष्ठी से हुआ। इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं व नागरिकों ने गांधी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर डॉ प्रदीप के गावंडे ने कहा कि गांधी केवल भारत ही नहीं, अपितु पूरे विश्व का मार्गदर्शन करने वाले प्रेरणा-पुंज हैं। भारत छोड़ो आंदोलन इस मायने में बहुत महत्त्वपूर्ण था कि आजादी की लड़ाई जब बड़े और शीर्ष नेता जेलों में बंद थे, तब आम लोग इसमें जुड़े और यह आजादी के संघर्ष का सर्वाधिक अहम जन आंदोलन बना। गावंडे ने कहा कि हमारा लोकतंत्र बड़े संघर्ष का परिणाम है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों पर अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गांधी वाटिका के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा गांधी जीवन दर्शन समिति को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। एसपी परिस देशमुख ने कहा कि गांधी ने समूचे विश्व को अपनी बात कहने का और प्रतिरोध का एक अनूठा ढंग दिया। विश्व के इतिहास मेंं यह भारत की आजादी एक अनूठा उदाहरण है, जहां सत्याग्रह और अहिंसा एक बड़े माध्यम के तौर पर सामने आए। उन्होंने कहा कि यूं तो गांधी जीवन के कदम-कदम पर हमारा मागदर्शन करते हैं, लेकिन कोविड के समय में खासतौर पर गांधी की जीवन शैली हमारे लिए आदर्श हो सकती है। सभापति पायल सैनी ने कहा कि हम सभी को गांधी के विचारों से प्रेरणा लेने की जरूरत है। यदि हमने गांधी के जीवन से एक भी सूत्र उठा लिया तो हम अपना पथ आलोकित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी के विचार पूरी दुनिया को एक रास्ता दिखा रहे हैं। उन्होंने अगस्त क्रांति सप्ताह के आरंभ पर वृक्षारोपण की सराहना करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज्य पर काफी जोर दिया था और वर्तमान महामारी के समय में लोग अपने गांवों की तरफ लौट रहे हैं। बदलते समय के साथ गांधी के विचार अधिक प्रासंगिक होते जा रहे हैं। उन्होंने गांधी वाटिका के विकास सहित अगस्त क्रांति सप्ताह के विभिन्न कार्यक्रमों में नगर परिषद की ओर से पूरे सहयोग का भरोसा दिलाया। चूरू संयोजक रियाजत खान ने आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए कहा कि गांधी पूरे विश्व के नेता हैं तथा दुनिया के 160 देशों में उनकी प्रतिमाएं लगी हैं। आज तक इतनी मान्यता वाला दूसरा कोई नेता विश्व में नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम ऎसे देश में पैदा हुए हैं, जहां गांधी जैसे महापुरुषों ने जन्म लिया। समिति के जिला संयोजक दुलाराम सहारण ने आभार व्यक्त करते हुए आगामी सात दिनों में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी और गांधी के विचार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी से कार्यक्रमों से जुड़ने का अनुरोध किया। सह-संयोजक रतन जांगिड़ ने कहा कि गांधी के विचार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। इससे पूर्व जिला कलक्टर डॉ प्रदीप के गांवडे, एसपी परिस देशमुख, सभापति पायल सैनी, एडीएम रामरतन सौंकरिया, रियाजत खान सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधियों ने गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की एवं गांधी वाटिका वृक्षारोपण किया। रियाजत खान ने गांधी वाटिका को विकसित एवं सौंदर्यीकरण की बात कही, जिस पर जिला कलक्टर एवं सभापति ने पूरे सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पीएमओ डॉ गोगाराम, राधेश्याम चोटिया, डॉ जमील चौहान, रमजान खान, अबरार खान, नारायण बालान, राजीव बहड़, उमाशंकर शर्मा, उम्मेद गोठवाल, एडीईओ सांवर मल गहनोलिया, भू-अभिलेख निरीक्षक ओमप्रकाश शर्मा, नगर परिषद के इनायत खान, महेश मिश्रा, स्काउट मास्टर ओमप्रकाश, पार्षद अंजनी शर्मा, पार्षद शाहरूख खान, हिमांशु ओझा, मानवेंद्र सिंह बुडानिया, पार्षद विनोद कुमार, सलीम पीए, राजकुमार तंवर, मुबारक अली भाटी, कालूराम महर्षि, सलीम चौहान, अजीज खान, मोहम्मद खालिद, उद्योग महाप्रबंधक योगेश कुमार शर्मा सहित अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, स्काउट्स, विद्यार्थी, आमजन एवं मीडियाकर्मी मौजूद थे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur