Hindi News / General News / लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने तय किये कार्यक्रम

लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने तय किये कार्यक्रम

आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने दो मार्च तक के कार्यक्रम तय किये हैं। इन कार्यक्रमों के जरिये पार्टी सीधे जनता तक पहुंच रही है। इन कार्यक्रमों की रचना जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक की गई है। आगामी लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने ये कार्यक्रम तय किये हैं। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय पदाधिकारियों से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को सक्रिय भी किया जा रहा है। जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी ने बताया कि पार्टी की ओर से महिने भर तक चलने वाले इन कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक लागू किया जायेगा। इन कार्यक्रमों के जरिये आमजन तक केंद्र सरकार व पार्टी के किये जा रहे कार्यों को जनता के बीच रखते हुए आमजन को अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रमों के लिये जिले में प्रभारियों की भी नियुक्ति कर दी गई है। उन्होंंने बताया कि 10 से 25 फरवरी तक पार्टी का अल्पकालीन विस्तारक योजना में जनसंपर्क और लाभार्थियों से संपर्क किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत शक्ति केंद्रों तक अल्पकालीन विस्तारक जाएंगे। विस्तारक मेरा परिवार भाजपा परिवार, कमल दिया अभियान व बूथ के 23 कार्यों के लिए 15 दिवस तक प्रत्येक शक्ति केंद्रों पर जाएंगे। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से शुरू हो चुके समर्पण दिवस अभियान में सभी कार्यकर्ता समर्पण निधि करेंगे। 12 फरवरी से 2 मार्च तक मेरा परिवार भाजपा परिवार अभियान आयोजित होगा। इसमें बूथ के प्रत्येक घरों में पार्टी का झंडा व स्टीकर लगाकर परिवारों से संपर्क करेंगे। वहीं 23 फरवरी को राष्ट्रीय यूथ टाउनहॉल अभियान आयोजित होगा जो दिल्ली में होगा। 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात होगी। यह कार्यक्रम भी बूथ स्तर तक आयोजित होगा। 26 फरवरी को कमल ज्योति संकल्प अभियान आयोजित होगा। इसके अंतर्गत जिले में बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें प्रत्येक घर में शाम को कमल ज्योति जलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियानों की इसी श्रृंखला में 28 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदीजी द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ विडियो वार्ता होगी। मोदी इसमें प्रोजेक्टर के माध्यम से विडियो कांफ्रेस से कार्यकर्ताओं से बात करेंगे। 2 मार्च को जिले भर में मोटर साईकिल रैली निकाली जाएगी। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय, विधानसभा क्षेत्र व बूथ स्तर तक आयोजित होगा। इसमें मोटर साईकिलों पर भाजपा का झंडा व स्टीकर लगा होगा। मोटर साईकिलो की यह रैली पूरे प्रदेश में एक साथ आयोजित की जायेगी जो अपने आप में एक रिकार्ड होगा। उन्होंने बताया कि इसके साथ पार्टी का भारत के मन की बात मोदीजी के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसमें आमजन ऑन लाईन अपने सुझाव रथ में रखे बॉक्स में दे रहे हैं। ये सुझाव पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किये जाएंगे। इस अभियान में आमजन उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं और अपने सुझाव दे रहे हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur