Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / Jhunjhunu News : निर्झरा धाम में 108 कुंडीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आगाज

Jhunjhunu News : निर्झरा धाम में 108 कुंडीय लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का भव्य आगाज

Devotees participate in 108 Lakshmi Narayan Mahayagya at Nirjhara

उदयपुरवाटी के निर्झरा धाम में कलश यात्रा के साथ महायज्ञ का भव्य शुभारंभ

उदयपुरवाटी, कैलाश बबेरवाल। विधानसभा क्षेत्र की तपोभूमि अब मंत्रों और आहुतियों की सुगंध से महकने लगी है। राणासर स्थित निर्झरा धाम में रविवार को 108 कुंडीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का कलश यात्रा के साथ भव्य शुभारंभ हुआ।

कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का उत्साह
सुरंदरदास महाराज मंदिर से 1100 से अधिक महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर प्रस्थान हुईं। मार्ग में भक्तगण ‘जय श्री नारायण’ के उद्घोष करते हुए चल पड़े। ढोल-नगाड़ों की थाप और भक्ति गीतों ने इस यात्रा को उत्सव का रूप दे दिया।

यज्ञ की विशेषताएं और उद्देश्य
इस महायज्ञ के संरक्षक सीताराम दास महाराज हैं। मदनलाल भांवरिया ने बताया कि महाराज ने अब तक महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, जगन्नाथपुरी और द्वारकाधीश में 105 महायज्ञ संपन्न कराए हैं। निर्झरा धाम में हो रहा यह 106वां महायज्ञ क्षेत्र की सुख-समृद्धि, विश्व शांति और लोक कल्याण का प्रतीक माना जा रहा है।

पहले दिन की अनुष्ठानिक गतिविधियां
यज्ञाचार्य चिरंजीव शास्त्री और संजय शास्त्री के निर्देशन में पहले दिन दशविद्य स्नान, प्रायश्चित हवन और मंडप प्रवेश की रस्में संपन्न हुईं। सोमवार प्रातः ‘अरणी मंथन’ विधि से अग्नि प्रज्वलित की जाएगी, जिससे यज्ञ कुंडों में देव-आह्वान होगा।

कार्यक्रम का समय और पूर्णाहुति
महायज्ञ 9 मार्च से 15 मार्च तक प्रतिदिन सुबह 9–12 बजे और शाम 3–6 बजे आयोजित होगा। इसका समापन 16 मार्च को भव्य पूर्णाहुति और महाप्रसादी के साथ होगा। समापन पर हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।

मुख्य उपस्थित गण और सहयोगी
निर्झरा धाम के महंत अवध बिहारी दास, मदनलाल भांवरिया, जयचंद रोहिलान, संजय शास्त्री, बजरंग पटेल, रामावतार गजराज, राजकुमार जाखड़, सहीराम भगत, रतनलाल शर्मा, सुरेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य गणमान्य भक्तगण उपस्थित रहे।