झुंझुनूं जिला मुख्यालय पर आज 77वां गणतंत्र दिवस
हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया।
स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में
मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने झंडारोहण किया।
शहीद सुरेंद्र मोगा की शहादत को नमन
समारोह में मंडावा के मेरदासी गांव के वीर सपूत एवं
भारतीय वायु सेना के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा की
शहादत की गूंज पूरे स्टेडियम में सुनाई दी।
वीरांगना सीमा के सम्मान पर भावुक हुआ स्टेडियम
कार्यक्रम का सबसे गौरवशाली और भावुक क्षण वह रहा,
जब शहीद सुरेंद्र मोगा की वीरांगना सीमा को मंच पर
सम्मानित किया गया।
जैसे ही वीरांगना सीमा सम्मान लेने मंच की ओर बढ़ीं,
पूरा स्टेडियम
“भारत माता की जय” और
“शहीद सुरेंद्र मोगा अमर रहे”
के नारों से गूंज उठा।
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
अधिकारियों ने वीरांगना को नमन करते हुए कहा
“झुंझुनूं की इस वीरांगना का धैर्य और शहीद का बलिदान
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणापुंज रहेगा।”
कलेक्टर ने परेड का किया निरीक्षण
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने
खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया
और परेड की सलामी ली।
शहीदों के बलिदान की याद दिलाता दिन
अपने संबोधन में डॉ. अरुण गर्ग ने कहा
आज का दिन हमें याद दिलाता है कि हमारी आजादी और सुरक्षा
की नींव में सुरेंद्र कुमार मोगा जैसे वीरों का रक्त शामिल है।
94 लोगों को किया गया सम्मानित
जिला मुख्यालय के स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित
गणतंत्र दिवस समारोह में
विभिन्न श्रेणियों में कुल 94 लोगों को सम्मानित किया गया।
इनमें शहीद सार्जेंट सुरेंद्र कुमार मोगा की वीरांगना सीमा
को दिया गया सम्मान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।
