Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / Video News: झुंझुनूं: दुकानदार पर लाठियां बरसाने वाला ASI लाइन हाजिर

,

Video News: झुंझुनूं: दुकानदार पर लाठियां बरसाने वाला ASI लाइन हाजिर

सीसीटीवी फुटेज के बाद देर रात SP ने की कार्रवाई

YouTube video

झुंझुनूं जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाली एक बड़ी घटना सामने आई थी। कोतवाली थाने के एएसआई ओमप्रकाश को एक दुकानदार से मारपीट के मामले में लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के कुछ घंटों बाद ही की गई।

घटना कैसे हुई

दुकानदार नाहर सिंह निवासी सैनिक नगर, झुंझुनूं के अनुसार, 2 अगस्त की रात करीब 1 बजे दो युवक मोबाइल चार्ज करने के लिए उनकी दुकान पर आए। थोड़ी देर बाद मना करने पर दोनों बाहर चले गए। इसी दौरान पेट्रोलिंग गाड़ी आई, और एक युवक ने पुलिस को कहा कि उसके साथ मारपीट हुई है।

दुकानदार का आरोप है कि पेट्रोलिंग में मौजूद एएसआई ओमप्रकाश बिना पूछताछ किए दुकान में घुसे और डंडे से ताबड़तोड़ वार करने लगे। करीब 50 से अधिक डंडे मारने के दौरान बचाव में ली गई कुर्सी भी टूट गई। यह मारपीट करीब 10 मिनट चली।

CCTV फुटेज ने किया खुलासा

पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। फुटेज में एएसआई को लगातार डंडे से मारते देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होते ही शहर में हंगामा मच गया और पुलिस की छवि पर सवाल उठने लगे।

चोरी का भी आरोप

मारपीट के बाद दुकानदार को थाने ले जाया गया। इस दौरान दुकान खुली रह गई और बाहर खड़े युवक ने मोबाइल और चार्जर चोरी कर लिया। अगले दिन शाम को नाहर सिंह को धारा 151 के तहत छोड़ा गया।

SP का एक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद SP ने देर रात एएसआई ओमप्रकाश को लाइन हाजिर कर दिया और मामले की जांच सीओ सिटी वीरेन्द्र शर्मा को सौंप दी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।