जिया राजस्थानी और अनीता जांगड़ा की प्रस्तुति पर झूमे हजारों भक्त
उदयपुरवाटी, कैलाश बबेरवाल झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी में नई सब्जी मंडी से नांगल रोड स्थित श्रीराम दरबार, बालाजी एवं शिव मंदिर में आयोजित भव्य भजन संध्या श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई।
इस दौरान क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में उमड़ पड़े और बाबा के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की खुशहाली और शांति की कामना की।
स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि इस पावन दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मन्नत अवश्य पूरी होती है।
कलाकारों की प्रस्तुति पर झूमे भक्त
भजन संध्या का शुभारंभ होते ही पूरा वातावरण भक्ति और संगीत से सराबोर हो गया।
संतलाल एंड पार्टी के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी।
- भजन गायक संतलाल सैनी
- डांसर जिया राजस्थानी
- अनीता जांगड़ा
की शानदार प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे और देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
वहीं कॉमेडियन विनोद कुमार ने अपनी चुटीली प्रस्तुतियों से माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
नशा मुक्ति का अनूठा धाम
श्रीराम दरबार शिव सेवा समिति के आयोजकों ने बताया कि यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि नशा मुक्ति के लिए भी प्रसिद्ध है।
मान्यता है कि यहां आने वाले शराब और अन्य नशीले पदार्थों के आदी लोग बाबा के आशीर्वाद से नशा छोड़ने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं।
इसी कारण यह मंदिर दूर-दराज के क्षेत्रों में भी आस्था और सामाजिक सुधार के केंद्र के रूप में जाना जाता है।
विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद
भजन संध्या के साथ मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
इस दौरान सैकड़ों-हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया।
सेवा समिति के सदस्यों और वार्ड के युवाओं ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में महिलाएं, पुरुष श्रद्धालु और आयोजक समिति के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
