चिड़ावा, मनीष शर्मा झुंझुनूं जिले के मंड्रेला झुंझुनूं बाईपास स्थित बस स्टैंड पर भीषण गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से बोला परिवार की ओर से यात्रियों के लिए ‘भूरी राम प्याऊ’ का निर्माण करवाया गया है।
यह प्याऊ स्वर्गीय भूरी देवी एवं रामेश्वर लाल बोला की स्मृति में उनके पुत्र डॉ. सुभाष बोला, गुजरात प्रवासी इंजीनियर सुधेश बोला तथा मुकेश बोला द्वारा बनवाई गई है।
फीता काटकर किया गया लोकार्पण
प्याऊ का लोकार्पण मंड्रेला थानाधिकारी कैलाश चंद शर्मा और एमडी साइंस कॉलेज झुंझुनूं के प्राचार्य डॉ. रामस्वरूप जाखड़ ने फीता काटकर किया।
इस दौरान स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस जनहितकारी पहल की सराहना की।
लंबे समय से थी पेयजल सुविधा की जरूरत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थानाधिकारी कैलाश चंद शर्मा ने कहा कि झुंझुनूं बाईपास बस स्टैंड पर लंबे समय से पेयजल सुविधा का अभाव था।
उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था, ऐसे में प्याऊ का निर्माण सराहनीय कार्य है।
यात्रियों को मिलेगा ठंडा पानी और बैठने की सुविधा
प्राचार्य डॉ. रामस्वरूप जाखड़ ने कहा कि झुंझुनूं से जयपुर आने-जाने वाले अधिकांश यात्रियों को बस स्टैंड पर बैठने और पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिलने से दिक्कत होती थी।
उन्होंने बताया कि बोला परिवार ने सीमेंटेड बेंच और शुद्ध ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध करवाकर क्षेत्र की बड़ी जरूरत को पूरा किया है।
सामाजिक सरोकार की बनी मिसाल
भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया यह कार्य क्षेत्र में सामाजिक सरोकार की मिसाल बनकर सामने आया है।
स्थानीय लोगों ने बोला परिवार की इस पहल को प्रेरणादायक बताते हुए प्रशंसा की।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच प्यारेलाल बोला, एएसआई मनीराम, पुलिस कॉन्स्टेबल राजकुमार, सुभाष बोला, मुकेश सैनी, दिव्यन चौधरी और आरोही बोला सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




