Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई

स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई

आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में

झुंझुनू, राष्ट्रीय साहित्यिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में संस्थान के कार्यालय सूरजगढ़ में धर्मपाल गाँधी के नेतृत्व में रेमन मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित महान सामाजिक कार्यकर्ता, संपूर्ण क्रांति के प्रणेता भारतीय राजनीतिज्ञ, महात्मा गांधी के विचारों से प्रभावित होकर स्वाधीनता आंदोलन में भाग लेने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती मनाई। आजादी के बाद लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने भारतीय राजनीति को ही नहीं बल्कि आम जनजीवन को नई दिशा दी थी। जयप्रकाश नारायण भारतीय राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं। उनके विचारों को आधार बनाकर राजनीति की विसंगतियों को दूर किया जा सकता है। महात्मा गांधी भी जयप्रकाश नारायण के साहस और देशभक्ति के प्रशंसक थे। स्वतंत्रता सेनानी जयप्रकाश नारायण के जीवन पर प्रकाश डालते हुए आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने कहा- लोकनायक जयप्रकाश नारायण एक महान चिंतक एवं दूरदर्शी राजनीतिज्ञ थे। आधुनिक भारत के उन प्रमुख व्यक्तियों में वे एक थे, जिन्होंने भारत की राजनीति को गहन रूप से प्रभावित किया है। गांधी जी ने देश को आजादी दिलाने तथा नेहरू जी ने आधुनिक भारत की आधारशिला रखने का काम किया था। जयप्रकाश नारायण ने भारत में न्यायपूर्ण सामाजिक व्यवस्था की स्थापना के लिए संघर्ष किया। उनके मौलिक विचार आज भी अपने देश की ज्वलंत सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रासंगिक हैं। देश में आजादी की लड़ाई से लेकर वर्ष 1977 तक तमाम आंदोलनों की मशाल थामने वाले जेपी यानी जयप्रकाश नारायण का नाम देश के ऐसे शख्स के रूप में उभरता है जिन्होंने अपने विचारों, दर्शन तथा व्यक्तित्व से देश की दिशा तय की थी। उनका नाम लेते ही एक साथ उनके बारे में लोगों के मन में कई छवियां उभरती हैं। लोकनायक के शब्द को असलियत में चरितार्थ करने वाले जयप्रकाश नारायण अत्यंत समर्पित जननायक और मानवतावादी चिंतक तो थे ही इसके साथ-साथ उनकी छवि अत्यंत शालीन और मर्यादित सार्वजनिक जीवन जीने वाले व्यक्ति की भी है। उनका समाजवाद का नारा आज भी हर तरफ गूंज रहा है। लोकनायक जयप्रकाश नारायण त्याग एवं बलिदान की प्रतिमूर्ति थे। प्रसिद्ध गांधीवादी विचारक, शिक्षाविद् और स्वतंत्रता सेनानी मगन भाई देसाई को भी उनकी जयंती पर याद किया। इस मौके पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी, बुद्धराम खाटीवाल, रणवीर ठेकेदार, गौरीशंकर सैनी, सुनील गांधी, कृष्णा सैनी, अंजू गांधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur