Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का बलिदान दिवस मनाया

स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का बलिदान दिवस मनाया

सूरजगढ़, शहीद दिवस पर आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में जगदेव सिंह खरड़िया के नेतृत्व में विश्व को शांति का पाठ पढ़ाने वाले सत्य और अहिंसा के पुजारी, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी का बलिदान दिवस मनाया। शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कार्यक्रम में शामिल लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया। शिक्षाविद् महताब सिरोहा, सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर लाल जांगिड़, वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र कुमार सैन, वीर तेजाजी विकास संस्थान के अध्यक्ष जगदेव सिंह खरड़िया, आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी आदि वक्ताओं ने महात्मा गाँधी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा- महात्मा गाँधी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक और प्रमुख नेता थे। महात्मा गाँधी ही एक ऐसे स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन किये। महिलाओं सहित पूरे देश के लोगों को राष्ट्रीय आंदोलन से जोड़ा। अंग्रेजों के विरुद्ध महात्मा गाँधी का संघर्ष 1893 में दक्षिण अफ्रीका में शुरू हुआ और 1947 में भारत की आजादी तक जारी रहा। हिंसा के दौर में उन्होंने पूरे विश्व को शांति का पाठ पढ़ाया। राजनीतिक और सामाजिक प्रगति की प्राप्ति हेतु अपने अहिंसक विरोध के सिद्धांत के लिए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त हुई। मोहनदास करमचंद गाँधी भारत एवं भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख राजनीतिक एवं आध्यात्मिक नेता थे। उन्होंने कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलकर उन्होंने जिस तरह से ब्रिटिश हुकूमत का खात्मा किया, पूरी दुनिया महात्मा गाँधी की कायल हो गई। महात्मा गाँधी का पूरा जीवन दुनिया के लिए एक संदेश है, उनके जीवन दर्शन और विचारों से पूरे विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है। इंसानियत के देवता राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी को उनके बलिदान दिवस पर आदर्श समाज समिति इंडिया परिवार नमन करता है। इस मौके पर शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट, एडवोकेट दीपक कुमार सैनी, शिक्षाविद् महताब सिरोहा, संजय शर्मा, जगदेव सिंह खरड़िया, राजेंद्र कुमार सैन, धर्मपाल गाँधी, मनोहर लाल जांगिड़, सज्जन सैनी, जीवन सिंह नायक, शिवदान सिंह भालोठिया, बिल्लू चांदोलिया, दरिया सिंह, सुनील गाँधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur