चिड़ावा | मनीष शर्मा झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में सामने आए चर्चित हिडन कैमरा कांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले के आरोपी शाहरुख को पुलिस द्वारा रिमांड अवधि पूरी होने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 23 जून 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
यह मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में व्यापक चर्चा और आक्रोश का माहौल बन गया था।
कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में
बुधवार को चिड़ावा न्यायालय में आरोपी को पुलिस सुरक्षा के बीच पेश किया गया।
अभियोजन अधिकारी राकेश शर्मा के अनुसार, पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद आरोपी को अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय ने उसे 23 जून तक न्यायिक हिरासत (जेल) भेजने के आदेश दिए।
6 जून को सामने आया था मामला
गौरतलब है कि 6 जून 2026 को चिड़ावा स्थित जमजम कलेक्शन शोरूम के ट्रायल रूम में कथित रूप से मोबाइल फोन के माध्यम से महिलाओं के वीडियो रिकॉर्ड किए जाने का मामला सामने आया था।
मामले की जानकारी मिलने पर एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
घटना के बाद बढ़ा था जनाक्रोश
मामला सामने आने के बाद चिड़ावा शहर में लोगों में नाराजगी देखने को मिली थी। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच जारी
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।





