बैरिकेडिंग तोड़ सरकारी गाड़ी को मारी टक्कर, 10 दिन में दूसरी वारदात
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा क्षेत्र में अवैध लकड़ी तस्करी का नेटवर्क लगातार सक्रिय है।
बीते 10 दिनों में यह दूसरी घटना है जब वन विभाग की टीम पर हमला किया गया।
सुबह 5:05 बजे कबूतर खाना क्षेत्र में वारदात
बुधवार को घटना सुबह करीब 5 बजकर 5 मिनट पर कबूतर खाना क्षेत्र में हुई।
सूचना के आधार पर फ्लाइंग रेंजर संदीप लोयल ने टीम के अमर सिंह, सुनील कुमार ओला और चालक राजकुमार के साथ बैरिकेडिंग की।
इसी दौरान खेजड़ी की लकड़ियों से भरी चार पिकअप गाड़ियां वहां पहुंचीं।
बैरिकेडिंग तोड़ी, सरकारी वाहन को मारी टक्कर
तीन पिकअप मौके से फरार हो गईं।
सबसे पीछे चल रही पिकअप ने पहले बैरिकेडिंग तोड़ी और फिर वन विभाग की सरकारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सरकारी वाहन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
भागते समय दो निजी वाहनों को भी टक्कर
आरोपी पिकअप ने भागते समय दो निजी वाहनों को भी टक्कर मारी और अंत में एक दुकान के शटर से जा भिड़ी।
वन विभाग की टीम ने पीछा कर चालक सुमित पुत्र मनीराम निवासी छावसरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
वाहन को जब्त कर पूछताछ जारी है।
हरियाणा में ऊंचे दामों पर बिकती है लकड़ी
वन विभाग के अनुसार गुढ़ा, उदयपुरवाटी, सुलताना और काटली नदी क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हरे वृक्षों की कटाई की जा रही है।
तस्कर मात्र 3 रुपए प्रति किलो की दर से लकड़ी खरीदते हैं और उसे हरियाणा में ऊंचे दामों पर बेचते हैं।
इन वाहनों के आगे-पीछे मोटी लोहे की गाटर लगाई जाती है, ताकि पीछा करने पर सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया जा सके।
पहले भी हो चुका है हमला
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रेंजर सुमन और उनकी टीम पर भी लकड़ी तस्करों द्वारा हमला किया जा चुका है।
लगातार हो रही घटनाओं से साफ है कि वन विभाग पर हमला अब तस्करों की रणनीति बन चुका है।
चिड़ावा – मनीष शर्मा
