खाटू धाम से लौटे निशानधारियों का स्टेशन रोड से खेतड़ी रोड तक जोरदार अभिनंदन
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा में उस समय भक्ति और उत्साह का माहौल बन गया, जब खाटू धाम से लौटे निशानधारी श्रद्धालुओं का शहरवासियों ने भव्य स्वागत किया।
श्रद्धालु पहले खाटू श्याम मंदिर के शिखर पर सूरजगढ़ का पावन प्राचीन निशान अर्पित कर पैदल वापस लौटे।
सूरजगढ़ से खाटू धाम तक पदयात्रा
हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं का जत्था सूरजगढ़ श्याम मंदिर से पैदल खाटू धाम के लिए रवाना हुआ था।
द्वादशी के पावन अवसर पर मंदिर शिखर पर निशान समर्पित किया गया।
धार्मिक मान्यता है कि यह निशान पूरे वर्ष शिखर पर लहराता रहता है।
स्टेशन रोड से खेतड़ी रोड तक पुष्प वर्षा
खाटू से लौटते समय जब निशानधारी चिड़ावा पहुंचे, तो स्टेशन रोड से लेकर खेतड़ी रोड तक जगह-जगह पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
नया बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास अमित सैनी (राज दूल्हा हाउस) के संयोजन में अभिनंदन समारोह आयोजित हुआ।
पवन शर्मा नवहाल, सुरजीत सैनी और सुनील शर्मा सहित कई श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर सम्मान किया।
शहर के विभिन्न स्थानों पर स्वागत
कबूतर खाना पुराना बस स्टैंड पर स्थानीय युवाओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया।
खेतड़ी रोड स्थित दिलखुश होटल के सामने भी जयकारों के साथ निशानधारियों का अभिनंदन हुआ।
इसके बाद खेतड़ी रोड पर स्थित Mazzi’s Restaurant के सामने शेखर शर्मा व अन्य श्रद्धालुओं के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम हुआ।
पूरा मार्ग “श्याम बाबा की जय” के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रद्धा और एकता का संदेश
चिड़ावा में स्वागत के बाद निशानधारी अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि शेखावाटी में आस्था, एकता और परंपरा की मजबूत जड़ें आज भी कायम हैं।
चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट
