चिड़ावा, मनीष शर्मा झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में रविवार को मदर्स डे के अवसर पर इंसानियत और सेवाभाव की मिसाल देखने को मिली।
शहर की गलियों में बेसहारा घूम रही एक गाय को गोरक्षकों की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया गया, जिसके बाद गाय ने एक स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया।
प्रसव पीड़ा से परेशान थी गाय
जानकारी के अनुसार गाय राजकला कॉम्प्लेक्स के पास भवानी कलर लैब वाली गली में प्रसव पीड़ा से परेशान हालत में घूम रही थी।
स्थानीय लोगों ने जब गाय की स्थिति देखी, तो तुरंत गोरक्षकों को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंचे गोरक्षक
सूचना मिलते ही बिट्टू पारीक, अंकित वर्मा और अर्जुन नायक मौके पर पहुंचे।
गोरक्षकों ने पहले गाय को प्राथमिक उपचार दिया और फिर पूरी सावधानी के साथ उसका सुरक्षित प्रसव करवाया।
कुछ ही देर बाद गाय ने एक स्वस्थ बछड़े को जन्म दिया।
लोगों ने की सेवाभाव की सराहना
इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने गोरक्षकों के सेवाभाव, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
मदर्स डे के मौके पर हुई इस घटना ने लोगों को भावुक भी कर दिया।




