Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / Jhunjhunu News : बिना अनुमति सड़क तोड़ने पर नगरपालिका सख्त

Jhunjhunu News : बिना अनुमति सड़क तोड़ने पर नगरपालिका सख्त

Damaged cement road in Chirawa after pipeline excavation work

चिड़ावा, मनीष शर्मा झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में जलदाय विभाग द्वारा बिना अनुमति सड़क तोड़ने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। नगरपालिका प्रशासन ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी है।

मामला नव स्वीकृत बोरवेल की सप्लाई लाइन बिछाने के दौरान मुख्य मार्गों और सीमेंटेड सड़कों को तोड़े जाने से जुड़ा है।

कोर्ट परिसर के पास तोड़ी गई सीसी सड़क

जानकारी के अनुसार हाल ही में कोर्ट परिसर के पास स्थित सीसी रोड को पाइपलाइन डालने के लिए तोड़ दिया गया था।

मामले की सूचना मिलने पर नगरपालिका ईओ दिनेश कुमार नूनिया ने जलदाय विभाग के एईएन को बकाया जुर्माना राशि जमा करवाने और संबंधित ठेकेदार से तीन दिन में सड़क को पूर्व स्थिति में ठीक करवाने के निर्देश दिए थे।

तय समय में नहीं हुई सड़क की मरम्मत

पालिका प्रशासन का कहना है कि निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई।

इसके बाद ईओ दिनेश कुमार नूनिया ने जलदाय विभाग के एक्सईएन को शिकायती पत्र भेजकर नाराजगी जताई।

आमजन को हो रही परेशानी

पालिका द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि मुख्य मार्गों पर गड्ढे खोदने से सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे नगरपालिका को आर्थिक नुकसान के साथ आमजन को भी भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार शहर में जगह-जगह सड़कें खोद दिए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों व पैदल राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश में बढ़ सकता है हादसों का खतरा

पालिका प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बारिश के मौसम में खुले गड्ढे और टूटी सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।

साथ ही बताया गया कि क्षतिग्रस्त सड़कों को लेकर संपर्क पोर्टल पर लगातार शिकायतें दर्ज हो रही हैं।

अनुमति के बिना सड़क तोड़ने पर होगी कार्रवाई

नगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में पालिका क्षेत्र में किसी भी सड़क को तोड़ने से पहले नियमानुसार अनुमति लेना जरूरी होगा।

साथ ही संबंधित विभागों को क्षतिग्रस्त सड़कों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur