चिड़ावा,मनीष शर्मा। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर की सुथरान बस्ती वार्ड नंबर 24 निवासी विक्रम स्वामी (27) का पार्थिव शरीर दुबई में निधन के 23 दिन बाद भारत पहुंचा। शुक्रवार को उनके पैतृक निवास पर अंतिम दर्शन के बाद अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
दुबई में 5 मई को हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार विक्रम स्वामी दुबई की अरेबियन कंस्ट्रक्शन कंपनी (ACC) में कार्यरत थे। वह लगभग 11 महीने पहले रोजगार के लिए दुबई गए थे।
परिजनों के मुताबिक 5 मई को दुबई में उनकी अचानक मृत्यु हो गई थी। इसके बाद कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण उनका शव दुबई प्रशासन के कब्जे में रहा।
23 दिन बाद भारत पहुंचा पार्थिव शरीर
परिवार ने शव को भारत लाने के लिए लगातार प्रयास किए। आवश्यक दस्तावेजी और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद गुरुवार को शव भारत के लिए रवाना किया गया।
शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे पार्थिव शरीर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा, जहां से उसे चिड़ावा स्थित पैतृक निवास लाया गया। इसके बाद दोपहर करीब 11 बजे अंतिम संस्कार किया गया।
पत्नी, दो बच्चों और माता-पिता को छोड़ गए
विक्रम स्वामी अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों और माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
उनका बड़ा बेटा पहली कक्षा में अध्ययनरत है। परिवार के दो भाइयों में विक्रम बड़े थे और परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल रहे थे।
उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर गहरा दुख छा गया है।
परिजनों ने जताया संदेह
मृतक के दादा रणजीत स्वामी ने विक्रम की मौत को लेकर संदेह व्यक्त किया है।
परिजनों का कहना है कि पार्थिव शरीर पर चेहरे के आसपास चोट जैसे निशान दिखाई दिए हैं। वहीं कंपनी की ओर से मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
परिवार ने मामले के संबंध में स्पष्ट जानकारी और निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई है।
परिजनों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों को लेकर उनके मन में कई सवाल हैं और उन्हें मामले की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
जैसे ही विक्रम स्वामी का पार्थिव शरीर चिड़ावा पहुंचा, क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
अंतिम यात्रा के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।





