राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले लंबित मामलों के समाधान की पहल
झुंझुनूं, कंज्यूमर्स वॉइस जागरूकता अभियान के तहत झुंझुनूं में उपभोक्ताओं को त्वरित राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में लंबित मामलों के निस्तारण के लिए प्री-काउंसलिंग प्रक्रिया की शुरुआत कर दी गई है।
न्याय टेबल पर हुई प्री-काउंसलिंग
शुक्रवार को आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार मील ने सदस्य प्रमेंद्र सैनी और अधिवक्ताओं के साथ न्याय टेबल पर बैठकर कई मामलों की प्री-काउंसलिंग की।
इस दौरान पक्षकारों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया गया।
अध्यक्ष मील ने कहा,
“जिन मामलों में आपसी सहमति संभव है, उन्हें शीघ्र निस्तारित किया जाएगा। शेष मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अंतिम निर्णय तक पहुंचाया जाएगा।”
राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले प्रक्रिया
अभियान के अंतर्गत प्रत्येक लंबित उपभोक्ता प्रकरण को राष्ट्रीय लोक अदालत से पहले प्री-काउंसलिंग से गुजराया जा रहा है।
इसका उद्देश्य है कि अधिक से अधिक मामलों का समाधान समझौते के माध्यम से हो और उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय मिल सके।
पक्षकारों को उनके अधिकार, जिम्मेदारियां और वैकल्पिक विवाद निस्तारण (ADR) के महत्व की जानकारी भी दी गई।
जिला अभिभाषक संस्था ने दिया सहयोग
उपभोक्ताओं के हित में जिला अभिभाषक संस्था ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
बार अध्यक्ष रतन मोरवाल, पूर्व बार अध्यक्ष विजय ओला सहित कई अधिवक्ताओं ने प्री-काउंसलिंग सत्र में भाग लिया।
सहायक प्रशासनिक अधिकारी भीम सिंह राजपुरोहित सहित अन्य अधिकारी और अधिवक्ता भी मौजूद रहे।
आगे भी होंगे जागरूकता कार्यक्रम
कंज्यूमर्स वॉइस अभियान के तहत आगे भी प्री-काउंसलिंग सत्र, जागरूकता कार्यक्रम और संवाद आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल से झुंझुनूं जिले में उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित होगा।
