Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि मनाई

स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि मनाई

सरोजिनी नायडू की याद में आदर्श समाज समिति इंडिया परिवार ने पुरस्कार देने का ऐलान किया

सूरजगढ़, आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में जगदेव सिंह खरड़िया के नेतृत्व में देश की प्रथम महिला राज्यपाल, भारत कोकिला के नाम से विख्यात सुप्रसिद्ध कवयित्री, महिला अधिकारों की समर्थक और संविधान सभा की सदस्य, महिला सशक्तिकरण की प्रतीक और महान स्वतंत्रता सेनानी सरोजिनी नायडू की पुण्यतिथि मनाई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सरोजिनी नायडू के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके जीवन संघर्ष को याद किया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कार्यालय में पधारे हुए राजस्थान हाईकोर्ट के एडवोकेट जयप्रकाश बुलानिया और पहलवान वीरेंद्र शास्त्री का सम्मान किया गया। उन्हें अंग वस्त्र ओढ़ाकर धर्मपाल गाँधी द्वारा लिखित पुस्तक ‘हिन्द की क्रांतिकारी बेटियाँ’ भेंट की गई। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने सरोजिनी नायडू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा- सरोजिनी नायडू देश की प्रमुख क्रांतिकारी महिलाओं में से एक थीं। उन्होंने महात्मा गाँधी द्वारा देश की आजादी के लिए शुरू किये गये तकरीबन सभी आंदोलनों में भाग लिया और जेल गई। उन्होंने कमला देवी चट्टोपाध्याय और कस्तूरबा गाँधी के साथ मिलकर महिलाओं को आजादी के आंदोलन से जोड़ने में मुख्य भूमिका निभाई। सरोजिनी नायडू नारी सशक्तिकरण की मिसाल थीं, और स्वाधीनता आंदोलन के दौरान 1925 में कानपुर अधिवेशन में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने वाली प्रथम भारतीय महिला थीं। उन्होंने 1930 में महात्मा गाँधी द्वारा शुरू किये गये नमक सत्याग्रह में बढ़-चढ़कर भाग लिया। सरोजिनी नायडू ने अपना संपूर्ण जीवन महिलाओं के उत्थान और देश की आजादी के लिए समर्पित कर दिया। ऐसी महान विभूति को हम नमन करते हैं और उनके सम्मान में आदर्श समाज समिति इंडिया परिवार द्वारा ‘सरोजिनी नायडू राष्ट्रीय नारी शक्ति पुरस्कार’ शुरू करने की घोषणा करते हैं। नारी सशक्तिकरण की प्रतीक सरोजिनी नायडू की याद में शुरू किये गये पुरस्कार की शुरुआत वर्ष 2025 में 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस से शुरू की जायेगी। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को हर वर्ष ‘सरोजिनी नायडू राष्ट्रीय नारी शक्ति पुरस्कार’ से सम्मानित किया जायेगा। इस मौके पर वीर तेजाजी विकास संस्थान के अध्यक्ष जगदेव सिंह खरड़िया, राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर के अधिवक्ता जयप्रकाश बुलानिया, महेंद्र सिंह बरवड़, पहलवान वीरेंद्र शास्त्री, चंद्रवीर बुडानिया, धर्मपाल गाँधी, इंद्र सिंह शिल्ला, सुनील गाँधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur