पिलानी के जवान ने राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में दिखाया शानदार प्रदर्शन
झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र के गांव दूधी निवासी दिनेश कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है।
दिनेश कुमार सशस्त्र सीमा बल (SSB) में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में तैनात हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीते दो सिल्वर मेडल
दिनेश कुमार ने गुरुग्राम (हरियाणा) में 22 से 30 मार्च 2026 तक आयोजित 26वीं ऑल इंडिया पुलिस शूटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया।
इस दौरान उन्होंने 9 एमएम पिस्टल इवेंट के 25 गज और 30 गज वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए।
गांव और परिवार में खुशी की लहर
इस उपलब्धि के बाद गांव दूधी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिवार के सदस्य और ग्रामीण लगातार उन्हें बधाई दे रहे हैं।
उनके बड़े भाई विकास धतरवाल सहित राकेश, अभिषेक, जगदीप और सहीराम धतरवाल ने खुशी जाहिर करते हुए दिनेश को शुभकामनाएं दीं।
युवाओं के लिए बने प्रेरणा
दिनेश कुमार की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी उपलब्धियां क्षेत्र के युवाओं को खेलों और देश सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।
