झुंझुनूं, जिले के ग्राम नांगल में जल जीवन मिशन योजना के तहत निर्मित पेयजल टंकी करीब एक वर्ष से तैयार खड़ी है, लेकिन अब तक गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है।
भीषण गर्मी के बीच गांव में पेयजल संकट गहराने से ग्रामीणों में भारी रोष देखा जा रहा है।
40 प्रतिशत घरों में नहीं हुए कनेक्शन
ग्रामीणों ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन पहुंचाने का दावा किया गया था, लेकिन अभी तक करीब 40 प्रतिशत घरों में जल कनेक्शन नहीं किए गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलदाय विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
कुछ दिन चली सप्लाई, फिर बंद हुई टंकी
ग्रामीणों के अनुसार विभाग की ओर से कुछ दिनों तक पानी की सप्लाई शुरू की गई थी, लेकिन बाद में अचानक बंद कर दी गई और टंकी को सील कर दिया गया।
पिछले दो महीनों से ग्रामीण लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
“भीषण गर्मी में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है, लेकिन विभाग सुनवाई नहीं कर रहा।” ग्रामीण
महिलाओं और बच्चों को ज्यादा परेशानी
गांव में बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
जिला कलेक्टर से की मांग
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि जल जीवन मिशन योजना के तहत बनी टंकी को तुरंत शुरू करवाकर गांव में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
इस दौरान बनवारी लाल सैनी, एडवोकेट ताराचंद नांगल, प्रताप सिंह, लक्खी प्रसाद सैनी, धुकलराम सैनी, दशरथ सिंह शेखावत, मदन सैनी बावड़ी, गोपाल सैनी, झाबरमल सैनी, अशोक सैनी और मदन सैनी तामीड़ा सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।





