झुंझुनूं जिले के बगड़ थाना क्षेत्र में स्कूल जाती नाबालिग से छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (IPS) के निर्देशन में की गई।
विशेष टीम बनाकर आरोपी को पकड़ा
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन और वृताधिकारी हरिसिंह धायल (RPS) के सुपरविजन में थाना अधिकारी दौलतराम (RPS प्रोबेशनर) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत सिंह को गिरफ्तार किया।
6-7 महीनों से कर रहा था पीछा
परिवादिया ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि पिछले 6-7 महीनों से आरोपी अजीत सिंह पुत्र धर्मपाल निवासी भावठड़ी उसकी नाबालिग बेटी का स्कूल जाते समय पीछा करता था।
रिपोर्ट में आरोपी पर नाबालिग के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप भी लगाए गए।
जांच में आरोप प्रमाणित पाए गए
मामले में पुलिस थाना बगड़ में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
दौरान अनुसंधान पुलिस ने आरोपी अजीत सिंह निवासी भावठड़ी थाना सूरजगढ़ को दस्तयाब कर पूछताछ की।
जांच में आरोपी के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर 27 मई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भिजवा दिया है।
फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





