झुंझुनूं जिले की धनूरी थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद तालिब उर्फ तालिम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के आधार पर पकड़ा।
कई वर्षों तक करता रहा शोषण
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया कि आरोपी पिछले 2 से 3 वर्षों से उसके साथ गलत काम कर रहा था।
आरोप है कि आरोपी ने वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल करता रहा।
रुपए और जेवर हड़पने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने धमकाकर उससे 45 हजार रुपये, सोने का गलपटिया, मांग टीका, सोने की अंगूठी और चांदी की पायल भी हड़प ली।
मेडिकल जांच के बाद बढ़ाई कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण करवाया।
जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आरोप सही पाए गए।
दबिश देकर पकड़ा आरोपी
इसके बाद धनूरी थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश में विशेष टीम का गठन किया।
लगातार दबिश और मुखबिर की सूचना के बाद आरोपी मोहम्मद तालिब उर्फ तालिम पुत्र बिलाल खां निवासी डाबड़ी धीरसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर IPS के निर्देशन में की गई।
मामले की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी हरिसिंह धायल के सुपरविजन में हुई।
आगे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।




