झुंझुनूं जिले में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सर्किल क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।
खराब और कटे हुए तरबूज मिले
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह मेहनतकश और लालूराम यादव ने संयुक्त रूप से फल विक्रेताओं की दुकानों और ठेलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बड़ी मात्रा में खराब, कटे हुए और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तरबूज मिले।
मौके पर नष्ट किए गए 400 किलो तरबूज
कार्रवाई के दौरान करीब 400 किलो खराब तरबूज मौके पर ही नष्ट करवाए गए। अधिकारियों ने विक्रेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गर्मी में बढ़ता है फूड पॉइजनिंग का खतरा
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में खराब और बासी फलों के सेवन से
- फूड पॉइजनिंग
- उल्टी-दस्त
- पेट संबंधी संक्रमण
जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।
इसी को देखते हुए सभी फल और सब्जी विक्रेताओं को केवल ताजे और गुणवत्तायुक्त उत्पाद बेचने के निर्देश दिए गए हैं।
साफ-सफाई रखने के निर्देश
अधिकारियों ने विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना करने और दुकानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
शिकायत के लिए जारी किया नंबर
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि खराब या कटे हुए फल खरीदने से बचें और किसी भी शिकायत की स्थिति में स्वास्थ्य विभाग के हेल्पलाइन नंबर 01592-232415 पर सूचना दें।
फल विक्रेताओं में मचा हड़कंप
विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के फल विक्रेताओं में हड़कंप का माहौल रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।





