झुंझुनूं शहर के न्यू हाउसिंग बोर्ड पुलिस लाइन फाटक के पास आज सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक 42 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन के आगे आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आरपीएफ हेड कांस्टेबल राजीव ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह करीब 8:43 बजे की है। सीकर से रेवाड़ी जा रही पैसेंजर ट्रेन के सामने अचानक एक व्यक्ति दौड़कर आ गया, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया (रन ओवर हो गया)। यह हादसा रेलवे ट्रैक के किलोमीटर नंबर 310/10 और 11 के बीच घटित हुआ।
कोतवाली पुलिस के हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। फोन से सिम निकालकर जब संपर्कों और पते की पड़ताल की गई, तो उसकी पहचान विमल कुमार शर्मा (42 वर्ष) के रूप में हुई। विमल कुमार झुंझुनूं के रीको (RIICO) क्षेत्र के निवासी था। घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है कि यह एक दुर्घटना थी या आत्महत्या का मामला है।





