झुंझुनूं जिले की गुढागौड़जी थाना पुलिस ने साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई ‘म्यूल हंटर’ अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई
कार्रवाई झुंझुनूं एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर की गई।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत, वृताधिकारी महावीर सिंह के सुपरविजन तथा थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
बैंक खातों में मिली कई शिकायतें
पुलिस जांच में सामने आया कि:
- अमित के बैंक खाते पर साइबर क्राइम पोर्टल और 1930 पर कुल 11 शिकायतें दर्ज थीं।
- अरूण के खाते पर कुल 9 शिकायतें दर्ज मिलीं।
जांच के दौरान दोनों खातों को संदिग्ध म्यूल अकाउंट पाया गया।
पैसे लेकर दिया बैंक खाता
पूछताछ में आरोपी अमित पुत्र हरफूल निवासी वार्ड नंबर 4, केड ने बताया कि उसने अपना बैंक खाता और उससे जुड़े दस्तावेज अपने चचेरे भाई अरूण को पैसे लेकर दिए थे।
वहीं आरोपी अरूण पुत्र भगवाना राम निवासी मान नगर, झुंझुनूं ने स्वीकार किया कि वह ऑनलाइन ऐप के जरिए USDT खरीदने और बेचने का काम करता था।
इसी काम में वह अमित का बैंक खाता इस्तेमाल करता था।
साइबर ठगी की बात कबूली
पुलिस के अनुसार आरोपी अरूण ने पूछताछ में माना कि वह इसी तरीके से लोगों के साथ साइबर ठगी करता था।
दोनों आरोपियों के खिलाफ नेट बैंकिंग और बैंक खातों के जरिए धोखाधड़ी कर अनुचित लाभ लेने का मामला दर्ज किया गया है।
गहन पूछताछ जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अब साइबर ठगी नेटवर्क, अन्य खातों और लेनदेन की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि ठगी की राशि किन खातों में ट्रांसफर हुई और इसमें अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।





