झुंझुनूं, विधानसभा क्षेत्र झुंझुनूं की पंचायत इस्लामपुर में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का रविवार को विधायक राजेंद्र भांबू ने विधिवत उद्घाटन किया।
विधायक भांबू ने कहा कि अब इस स्वास्थ्य केंद्र से इस्लामपुर पंचायत सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी। गंभीर रोगियों को जिला मुख्यालय जाने की जरूरत कम होगी और समय पर उपचार संभव होगा।
समारोह में नवजात जन्म ने बढ़ाया उत्साह
उद्घाटन के दौरान ही ग्राम भडून्दा कलां निवासी कृष्ण कुमार की पत्नी काजल कुमारी ने स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। इस अवसर को उपस्थित लोगों ने शुभ संकेत बताते हुए खुशी जाहिर की।
मुख्य उपस्थितजन और कार्यक्रम
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व उप जिला प्रमुख बनवारी लाल सैनी ने की। अन्य प्रमुख उपस्थितजन में सीएमएचओ डॉ छोटे लाल गुर्जर, चिकित्सा अधिकारी कुलदीप छाबा, पारस लाखलाण, डॉ नेहा सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल थे।
विधायक भांबू ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है।
