झुंझुनूं में पुलिस का एरिया डोमिनेशन अभियान, 51 आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं, जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए झुंझुनूं पुलिस ने 1 और 2 नवम्बर को दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया।
अभियान में 70 टीमों के 264 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए जिन्होंने 380 स्थानों पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की।
51 आरोपी गिरफ्तार, कई मामलों में सफलता
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) ने बताया कि इस अभियान में कुल 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें—
- महिला अत्याचार प्रकरणों में 2
- जघन्य अपराधों में 3
- सामान्य अपराधों में 1
- गिरफ्तारी वारंटी में 8
- शांतिभंग के मामलों में 32 आरोपी शामिल हैं।
आबकारी और आर्म्स एक्ट में भी कार्रवाई
अभियान के दौरान 5 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें 3 आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस ने 48 पव्वे देशी शराब, 5 लीटर हथकड़ शराब और 119 पव्वे अंग्रेजी शराब जब्त की।
वहीं आर्म्स एक्ट के तहत 1 प्रकरण में कार्रवाई करते हुए 2 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
आरबीएम गैंग के तीन हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
पुलिस थाना चिड़ावा ने इस अभियान के तहत आरबीएम गैंग के मुख्य सरगना राकेश झाझड़िया, तथा विकास उर्फ भैरू और कैलाश उर्फ मिंटू को गिरफ्तार किया है। यह गैंग क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाओं में सक्रिय थी।
अभियान का उद्देश्य: अपराधियों पर नियंत्रण और जनता में सुरक्षा
एसपी उपाध्याय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों को सक्रिय होने से रोकना तथा जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।
उन्होंने कहा कि झुंझुनूं पुलिस आगे भी ऐसे अभियान जारी रखेगी ताकि जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।
