त्योहार पर शांति व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद
होली व धुलण्डी पर्व को देखते हुए झुंझुनूं में पुलिस ने शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला।
यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
कोतवाली थाना क्षेत्र में मार्च
पुलिस थाना कोतवाली क्षेत्र में वृताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के नेतृत्व में थाना जाप्ता व आरएसी के साथ कस्बे के मुख्य मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया।
मार्च पुलिस थाना कोतवाली से गांधी चौक, शाहु वाला कुआं, हांडी शाह दरगाह, जेपी जानू स्कूल, रोड नंबर 01, बीडीके अस्पताल और रोडवेज बस डिपो तक निकाला गया।
बुहाना में भी फ्लैग मार्च
बुहाना में एएसआई रामेश्वरलाल के नेतृत्व में थाना जाप्ता द्वारा मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।
शांति और सौहार्द की अपील
फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भाव पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या कंट्रोल रूम को देने की अपील की।
पुलिस ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान बल पूरी तरह मुस्तैद है और सभी नागरिक सुरक्षित वातावरण में हर्षोल्लास से पर्व मना सकें, इसके लिए प्रतिबद्ध है।
