जयपुर/ झुंझुनूं खान विभाग द्वारा झुंझुनूं क्षेत्र में खनिज परिवहन वाहनों की निगरानी को मजबूत करने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया गया है। विभाग 5 विशेष शिविर आयोजित कर करीब 1500 खनिज परिवहन वाहनों में व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम (VTS) इंस्टॉल करेगा।
यह अभियान 20 मई से शुरू हो चुका है और 5 जून तक चलेगा।
8 जिलों में 46 शिविरों का आयोजन
अधीक्षण खनि अभियंता एनएस शक्तावत ने बताया कि जयपुर कार्यक्षेत्र के 8 कार्यालयों जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, टोंक, कोटपूतली, दौसा और नीमकाथाना में कुल 46 शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों के माध्यम से कुल 6470 वाहनों में वीटीएस सिस्टम इंस्टॉल किया जाएगा।
अतिरिक्त मुख्य सचिव के निर्देश पर तेज हुआ अभियान
एनएस शक्तावत ने बताया कि अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोरा द्वारा हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में तुलाई कांटों और वीटीएस सिस्टम के ऑटोमाइजेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद विभाग ने तय समयसीमा के अनुसार अभियान शुरू किया है।
“वीटीएस इंस्टालेशन से खनिज परिवहन वाहनों की मॉनिटरिंग अधिक प्रभावी हो सकेगी।” एनएस शक्तावत, अधीक्षण खनि अभियंता
झुंझुनूं में यहां लगेंगे शिविर
एमई झुंझुनूं कार्यक्षेत्र में 5 शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए 1500 वाहनों में मौके पर ही वीटीएस इंस्टालेशन किया जाएगा।
शिविरों का कार्यक्रम
- 22 मई — नवलगढ़ बारवा
- 25 और 27 मई — खेतड़ी मेहाड़ा
- 1 और 3 जून — झुंझुनूं मोडा पहाड़
- 4 और 5 जून — चिड़ावा नारी
इसके अलावा छापोली उदयपुरवाटी क्षेत्र में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मॉनिटरिंग व्यवस्था होगी मजबूत
खान विभाग का कहना है कि वीटीएस सिस्टम लगने से खनिज परिवहन गतिविधियों की लाइव ट्रैकिंग संभव होगी।
इससे अवैध खनन और अनियमित परिवहन पर नजर रखना आसान होगा, साथ ही खानधारकों की मॉनिटरिंग व्यवस्था भी अधिक कारगर बनेगी।





