झुंझुनूं। शहर के पिपली चौक इलाके में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 36 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र मुरारी कुमावत के रूप में हुई है। वह पेशे से टाइल मिस्त्री था।
सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ खुलासा
परिजनों के अनुसार दिनेश गुरुवार रात काम से लौटकर अपने कमरे में सोने चला गया था।
शुक्रवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार के लोगों ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद परिजनों ने पीछे की खिड़की से देखा तो दिनेश का शव पंखे से लटका मिला।
पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कमरे से शराब का एक पव्वा भी बरामद हुआ है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
परिवार में मचा मातम
परिजनों ने बताया कि दिनेश चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
उसकी पत्नी फिलहाल मायके गई हुई थी। मृतक अपने पीछे तीन साल की बेटी छोड़ गया है।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।





