Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / जेजेटी यूनिवर्सिटी बनी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियन

,

जेजेटी यूनिवर्सिटी बनी ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियन

फाइनल रोमांचक मुकाबले में पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर को 7 रन से हराया

पहले स्थान पर रही मेजबान जेजेटीयू को चेयरपर्सन ने दिया 2 लाख रूपए का इनाम

झुंझुनूं, ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट (पुरूष वर्ग) चैंपियनशिप 2023-24 श्रीजेजेटी यूनिवर्सिटी ने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर को रोमांचक फाइनल मुकाबले में 7 रन से हराकर ट्राफी जीत ली। इसके साथ ही मेजबान श्रीजेजेटी यूनिवर्सिटी इस चैंपियपशिप को जीतने वाली राजस्थान की पहली यूनिवर्सिटी हो गई है विजेताओं को यूनिवर्सिटी चेयरपर्सन डाॅ विनोद टिबडेवाला के मार्गदर्शन में प्रेजीडेंट डाॅ देवेन्द्र सिंह ढुल द्वारा ट्रॉफी सौंपी गई।

डाॅ विनोद कुमार दुर्गादत्त टिबडेवाला खेल संकुल में 30 मार्च से प्रारम्भ हुई ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला मेजबान श्रीजेजेटी यूनिवर्सिटी और पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जेजेटी यूनिवर्सिटी के सलामी बल्लेबाज जतिन कादयान ने 37 गेंद पर 38 रन और अमित दलाल ने 20 गेंद पर 25 रन बनाते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। मेजबान टीम का पहला विकेट 60 रन पर गिरा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान लक्ष्य दलाल ने 6 छक्कों की मदद से 19 गेंद पर शानदार 50 रन बनाए और सोनू छिक्कारा के 14 रन के सहयोग से 15 ओवर में 4 विकेट खोकर 140 रन बनाए। पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर की तरफ से शुभ, विजय यादव, सुधांशु व ऋषि ने एक-एक विकेट लिया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर के सलामी बल्लेबाज सुधांशु ने 24 गेंद पर 1 छक्के व 8 चौकों की मदद से 48 रन और प्रियांशु ने 42 गेंद पर 23 रन की पारी खेलते हुए टीम को मजबूत स्तिथि में पहुंचाया। लेकिन प्रियांशु के आउट होने के बाद विजय यादव और शुभ ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा। अंतिम ओवरों में मेजबान श्री जेजेटी यूनिवर्सिटी झुंझुनूं के स्पिनर गेंदबाजों द्वारा शिकंजा कसने से अंतिम ओवर तक खिंचे मुकाबले में 15 ओवर खेलते हुए पूर्वांचल यूनिवर्सिटी 133 रन ही बना सकी और फाइनल मुकाबला 7 रन से हार गई।

चैंपियनशिप में पहले स्थान पर रही श्रीजेजेटी युनिवर्सिटी दूसरे स्थान पर रही वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल यूनिवर्सिटी जौनपुर व संयुक्त तौर पर तीसरे स्थान पर रही संबलपुर यूनिवर्सिटी संबलपुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावटी यूनिवर्सिटी सीकर को यूनिवर्सिटी प्रेजीडेंट डाॅ देवेन्द्र सिंह ढुल ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। अपने अभिभावक संबोधन में यूनिवर्सिटी चेयरपर्सन डाॅ विनोद टिबडेवाला ने कहा कि कडी मेहनत और अच्छी खेल भावना की बदौलत आज यूनिवर्सिटी प्रेजीडेंट डाॅ देवेन्द्र सिंह ढुल के नेतृत्व में नित नई उंचाईयां छू रही है। उन्होंने कहा कि वो दिन अब दूर नहीं है, जब यूनिवर्सिटी के प्रतिभाशाली खिलाडी भारतीय टीम और आईपीएल में दुनिया को अपना दम दिखाएंगे। उन्होंने इस जीत पर खिलाडियों के लिए 2 लाख रूपए पुरस्कार देने की घोषणा भी की।

अपने संबोधन में यूनिवर्सिटी प्रेजीडेंट डाॅ देवेन्द्र सिंह ढुल ने कहा कि डाॅ विनोद टिबडेवाला के सपनों को हमारे खिलाडियों ने एक विशेष उपलब्धियों के साथ पूरा किया है। आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट चैंपियनशिप में यह पहली बार है कि राजस्थान के किसी यूनिवर्सिटी ने इसमें पहला स्थान प्राप्त किया है। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ अजीत कुमार, निदेशक सम्पदा इंजीनियर बालकृष्ण टिबड़ेवाला, परामर्श समिति सदस्या डॉ मधु गुप्ता, श्रीमती प्रेमलता टीबड़ेवाला ,खेल बोर्ड सचिव डॉ अरुण कुमार, मुख्य वित्त अधिकारी डॉ अमन गुप्ता, पी.आर.ओ. डा.रामनिवास सोनी, शारीरिक शिक्षा विभाग प्राचार्य चैंपियन टीम के प्रशिक्षक डॉ मनोज गोयल एवं विभिन्न टीमों के प्रबंधक, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं यूनिवर्सिटी प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur