झुंझुनूं जिले के खेतड़ी थाना क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा थार डीआई जीप भी जब्त की है।
पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले आरोपी सोमवीर उर्फ मोटू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उसके कब्जे से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया था।
महिला ने दर्ज कराया था मामला
यह मामला 12 जनवरी 2026 को सामने आया था।
वार्ड नंबर 19, खेतड़ी निवासी शीला पांडे ने पुलिस को रिपोर्ट दी थी कि वह घर पर ताला लगाकर जयपुर गई थीं। शाम को लौटने पर घर के दोनों कमरों के ताले टूटे मिले।
महिला के अनुसार, घर से नकदी, जेवरात और सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर लिया गया था।
सीसीटीवी भी तोड़ गए चोर
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे।
इसके बाद खेतड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी सहायता से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर (IPS) के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी जयसिंह पुत्र कल्याण सिंह (25) निवासी बंधा की ढाणी, पपुरना, खेतड़ी को गिरफ्तार किया।
चोरी का माल और अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और चोरी किए गए माल व अन्य साथियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पहले आरोपी से लाखों का सामान बरामद
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी सोमवीर उर्फ मोटू से पुलिस ने
- करीब 4 लाख रुपये कीमत के सोने के कंगन
- करीब 2 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात
- 90 हजार रुपये नकद
- चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन
बरामद किया था।





