पुरानी पाइपलाइन और गिरते भूजल स्तर से गहराया संकट
झुंझुनूं जिले के खेतड़ी उपखंड के काकरियां गांव में पिछले कई वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को बार-बार मटके लेकर सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
टैंकरों पर बढ़ी निर्भरता
पानी की कमी के चलते ग्रामीण अब महंगे टैंकरों से पानी खरीदने को मजबूर हैं। इससे आमजन पर आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
विभाग ने बताई यह वजह
जलदाय विभाग के अनुसार समस्या का मुख्य कारण पुरानी पाइपलाइन है, जिससे बार-बार सप्लाई बाधित होती है और नियमित पानी नहीं मिल पाता।
भूजल स्तर भी हुआ नीचे
यह क्षेत्र कटली नदी के बहाव क्षेत्र में आता है, जहां बजरी खनन के कारण भूजल स्तर काफी नीचे चला गया है।
इस वजह से ट्यूबवेल और कुओं से भी पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
योजनाओं पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही कुंभाराम लिफ्ट योजना और जल जीवन मिशन का जमीनी स्तर पर लाभ नहीं मिल रहा है।
गर्मी बढ़ने से हालात और खराब
अभी गर्मी की शुरुआत ही हुई है, लेकिन हालात पहले से ही खराब हैं। मई-जून में समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इस बार बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों बनवारी लाल सैनी, मंगल चंद सैनी, रोडमल सैनी, श्रीराम सैनी, नरेश काकरिया और रोहितास सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
