झुंझुनूं। खेतड़ी नगर पुलिस ने एक बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए कंटेनर में भरे करोड़ों रुपये के माल को कथित रूप से गायब कर आगजनी की झूठी घटना रचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 80 लाख रुपये मूल्य का 2255 कार्टन कॉस्मेटिक सामान भी बरामद किया है।
96 लाख रुपये का माल लेकर निकला था कंटेनर
पुलिस के अनुसार परिवादी सर्वेश कुमार राय, जो एक परिवहन कंपनी में प्रबंधक हैं, ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 12 मई 2026 को असम के डुमडुमा-तिनसुकिया क्षेत्र से हिंदुस्तान यूनिलीवर का कॉस्मेटिक सामान कंटेनर में लोड कर वापी (गुजरात) भेजा गया था।
माल की कुल कीमत करीब 96 लाख रुपये बताई गई थी।
निर्धारित मार्ग छोड़ झुंझुनूं पहुंचा कंटेनर
जांच में सामने आया कि कंटेनर निर्धारित मार्ग पर जाने के बजाय झुंझुनूं जिले में पहुंच गया। आरोप है कि चालक और वाहन मालिक ने मिलकर कंटेनर में भरे अधिकांश माल को कथित रूप से खुर्द-बुर्द कर दिया।
इसके बाद जसरापुर के पास कंटेनर में आग लगाकर माल नष्ट होने की कहानी रची गई, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
तकनीकी विश्लेषण से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत और वृताधिकारी जुल्फीकार अली के मार्गदर्शन में जांच आगे बढ़ाई गई।
पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
दो आरोपी गिरफ्तार, 2255 कार्टन माल बरामद
पुलिस ने 28 मई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
- करण सिंह (36) निवासी बडली की ढाणी, थाना ततारपुर, जिला खैरथल
- राजकुमार (55) निवासी लोयल, थाना खेतड़ी नगर, जिला झुंझुनूं
पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस ने कथित रूप से चोरी किया गया 2255 कार्टन कॉस्मेटिक सामान बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस थाना खेतड़ी नगर के थानाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने की। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।





