झुंझुनूं। खेतड़ी थाना पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने और डायल 112 सरकारी वाहन को टक्कर मारने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी ईन्द्राज पुत्र श्रीराम निवासी ढाणी गोविंदाला की ढाणी, पाटन जिला सीकर को गिरफ्तार किया है।
एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देशानुसार की गई।
अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और डीएसपी जुल्फीकार अली के सुपरविजन में किया गया।
थानाधिकारी मोहनलाल के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी सहायता और सूचना संकलन के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।
अपहरण की सूचना के बाद हुई थी नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2024 को सूचना मिली थी कि उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के ककराणा इलाके से एक युवक का अपहरण कर काले रंग की स्कॉर्पियो में आरोपी खेतड़ी की ओर आ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने अजीत अस्पताल के सामने नाकाबंदी शुरू की।
पुलिस वाहन को मारी टक्कर
नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से डायल 112 वाहन को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और पलटने से बाल-बाल बचा।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
मामले में पुलिस पहले ही:
- अशोक कुमार निवासी खडब, कोटपुतली-बहरोड़
- राहुल निवासी पाथरेड़ी, कोटपुतली-बहरोड़
को गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा एक बाल अपचारी को भी निरूद्ध किया जा चुका है।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए खेतड़ी थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी।
लगातार आसूचना संकलन और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने फरार आरोपी ईन्द्राज को गिरफ्तार कर लिया।
अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरी घटनाक्रम की जांच अभी जारी है। जरूरत पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।





