विश्व शांति के समर्थन में 10 मार्च को झुंझुनूं कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
झुंझुनूं |संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 10 मार्च को झुंझुनूं जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह कार्यक्रम विश्व शांति के समर्थन में राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत आयोजित किया जा रहा है।
इस दौरान संगठन के कार्यकर्ता साम्राज्यवाद विरोध दिवस मनाते हुए अंतरराष्ट्रीय घटनाओं के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
कलेक्ट्रेट पर होगा प्रदर्शन
संयुक्त किसान मोर्चा के प्रवक्ताओं ने बताया कि 10 मार्च को झुंझुनूं जिला कलेक्ट्रेट पर कार्यकर्ता एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ भी विरोध जताया जाएगा।
संगठन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे युद्ध और हिंसक घटनाक्रम विश्व शांति के लिए खतरा हैं।
विश्व शांति की मांग उठाएंगे किसान
प्रदर्शन के दौरान किसान संगठनों की ओर से विश्व शांति बनाए रखने और संप्रभु देशों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी।
साथ ही विभिन्न देशों में हो रही हिंसक घटनाओं की निंदा करते हुए युद्ध रोकने और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने की मांग भी उठाई जाएगी।
भारत सरकार से भी रखी जाएगी मांग
संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा कि भारत सरकार को विश्व शांति बनाए रखने और अंतरराष्ट्रीय कानून की रक्षा के लिए वैश्विक स्तर पर पहल करनी चाहिए।
संगठन के अनुसार भारत को संयुक्त राष्ट्र और अन्य देशों के साथ मिलकर शांति कायम रखने में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
इस संबंध में संगठन के प्रवक्ता फूलचंद बर्वर और रामचंद्र कुलहरी ने बताया कि बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता इस प्रदर्शन में भाग लेंगे।
