Hindi News / Jhunjhunu News (झुंझुनू समाचार) / विश्व शांति दिवस पर योग के माध्यम से दुनिया को दिया शांति का संदेश

विश्व शांति दिवस पर योग के माध्यम से दुनिया को दिया शांति का संदेश

सूरजगढ़, राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में विश्व शांति दिवस पर धर्मपाल गाँधी की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्व को शांति का मार्ग दिखाने वाले सत्य और अहिंसा के पुजारी राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी को नमन करते हुए योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई के नेतृत्व में आकाश योग केंद्र बलौदा के बच्चों ने योग कला का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए दुनिया को शांति का संदेश दिया। गोल्ड मेडलिस्ट योगा खिलाड़ी सुदेश खरड़िया ने अष्टांग योग के बारे में विस्तार से बताया और योग का महत्व समझाते हुए बताया कि कैसे हम योग के माध्यम से मन, मस्तिष्क और शरीर को शांत और स्वस्थ रख सकते हैं। योग के माध्यम से हम पूरी दुनिया को जोड़ सकते हैं और अच्छे विचारों का ग्रहण कर पूरी दुनिया में शांति स्थापित कर सकते हैं। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में हमें शांति व अमन की बेहद जरूरत है। संघर्ष, आतंक और अशांति के इस दौर में अमन की अहमियत का प्रचार-प्रसार करना बेहद ज़रूरी और प्रासंगिक हो गया है। शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट, सुमेर सिंह गुरावड़िया घंडावा, शिवदान सिंह भालोठिया, डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, सुदेश खरड़िया, खुशी वर्मा, विशाल बेरला आदि वक्ताओं ने विश्व शांति पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सभा को संबोधित किया। आदर्श समाज समिति इंडिया महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेनू मिश्रा दीपशिखा और संस्थान की ब्रांड एंबेसडर फिल्म अभिनेत्री श्री मेसवाल ने ऑनलाइन कार्यक्रम में भाग लिया। आदर्श समाज समिति इंडिया की ओर से कार्यक्रम में भाग लेने वाले योगा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया और कार्यक्रम में पधारे हुए अतिथियों को धर्मपाल गाँधी द्वारा लिखित पुस्तक,’हिन्द की क्रांतिकारी बेटियाँ’ और ‘आजादी के दीवाने’ भेंट की गई। इस अवसर पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने कहा- आज प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना होगा कि इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है। सभी के लिए सामाजिक और आर्थिक विकास हासिल करने और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए कदम उठाए बिना शांतिपूर्ण दुनिया का निर्माण संभव नहीं है। ये लक्ष्य गरीबी, भुखमरी, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलवायु परिवर्तन, लैंगिक समानता, जल, स्वच्छता, ऊर्जा, पर्यावरण और सामाजिक न्याय सहित हमारे सामने आने वाली वैश्विक चुनौतियों को संबोधित करते हैं। दुनिया भर के राष्ट्र और समुदाय गरीबी और बीमारी, शिक्षा और स्वास्थ्य देखभाल के साथ संघर्ष कर रहे हैं। परमाणु युग के इस दौर में हमें आवश्यक है कि लोगों से शांति की अपील की जाये। सद्भाव, अहिंसा, भाईचारे और इंसानियत का पाठ पढ़ाया जाये ताकि आने वाली नस्लों को जीने के लिए एक बेहतर जगह मिल सके। आदर्श समाज समिति इंडिया का मुख्य लक्ष्य विश्व में शांति स्थापित करना है। विश्व शांति के लिए संस्थान द्वारा समय-समय पर साहित्यिक और शांति सम्मेलन आयोजित किये जाते हैं। भविष्य में वैश्विक स्तर पर योग, साहित्य, कला एवं संस्कृति पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। संस्थान द्वारा भविष्य में अंतर्राष्ट्रीय शांति सम्मेलन का आयोजन भी किया जायेगा। दुनिया का हर व्यक्ति शांति से जीना चाहता है; शांति हर व्यक्ति की आवश्यकता है। इसलिए हमें नफरत और घृणा को त्यागकर प्रेम का मार्ग अपनाना होगा। दुनिया में असंभव कुछ भी नहीं है, अगर हम सभी चाहेंगे तो विश्व में शांति स्थापित कर सकते हैं। इस मौके पर समाजसेवी इंद्र सिंह शिल्ला, बाबूलाल बडगूजर, महेंद्र सिंह बरवड़, सुल्तान सिंह गुरावड़िया, सत्यदेव शर्मा पुजारी बिशनपुरा, सुमेर सिंह गुरावड़िया, धर्मपाल गाँधी, डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, राजपाल सिंह फौगाट, शिवदान सिंह भालोठिया, उम्मेद सिंह शिल्ला, सुदेश खरड़िया, सुनील गाँधी, खुशी वर्मा, अंजू गाँधी, मनीषा, विशाल बेरला, पवन कुमार भारतीय, मोहित आदि अन्य लोग मौजूद रहे। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Shivonkar Maheshwari Technical Institute
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur