झुंझुनूं। मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने डकैती और अपहरण के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3-3 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में की गई।
फॉर्च्यूनर गाड़ी रोककर किया था अपहरण
पुलिस के अनुसार 19 मार्च 2026 को रामनिवास निवासी भोजासर ने मुकदमा दर्ज करवाया था।
रिपोर्ट में बताया गया कि उसका भाई सुरेंद्र और महिपाल जयपुर से फॉर्च्यूनर गाड़ी में गांव लौट रहे थे। इसी दौरान घोड़ीवारा कला स्कूल के पास रात करीब 11 बजे आरोपियों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया।
आरोपियों ने कथित रूप से गन से गाड़ी का शीशा तोड़कर फायरिंग की और दोनों का अपहरण कर लिया।
20 लाख रुपये की मांगी थी फिरौती
परिजनों को बाद में सुरेंद्र के मोबाइल से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई।
इसके बाद जीपीएस लोकेशन के जरिए गाड़ी का पता लुहारू, हरियाणा के पास चला।
“मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।” पुलिस सूत्र
पहले तीन आरोपी हो चुके गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के दौरान झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़ और हरियाणा क्षेत्र में आरोपियों के संबंध में सूचनाएं एकत्रित कीं।
इस मामले में 24 मार्च 2026 को पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।
दो इनामी आरोपी अब गिरफ्तार
पुलिस ने अब मामले में फरार चल रहे
- लक्ष्य कुमार पुत्र भूपेंद्र सिंह
- आदित्य पुत्र मदन
को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरियाणा के निवासी बताए गए हैं।
दोनों आरोपियों पर 3-3 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस कर रही पूछताछ
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
कार्रवाई थानाधिकारी ताराचंद के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।





