झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ थाना पुलिस ने बेटी को आत्महत्या के लिए कथित रूप से उकसाने के मामले में उसके पिता को गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी मुकेश जोशी के सुपरविजन में की गई। थाना नवलगढ़ की प्रभारी संतोष के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
मां ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसके पति द्वारा उसके और उसकी पुत्री के साथ मारपीट की जाती थी।
रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी ने चूना चौक नवलगढ़ क्षेत्र में भी मां-बेटी के साथ मारपीट की तथा उनके कपड़े फाड़ दिए। शिकायत में आरोपी पर बेटी के प्रति अनुचित व्यवहार करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर किया आत्महत्या का प्रयास
रिपोर्ट के अनुसार कथित मारपीट और प्रताड़ना से परेशान होकर बालिका ने 12 अप्रैल 2026 को आत्महत्या का प्रयास किया।
परिजनों और पड़ोसियों ने उसे बचाकर पहले नवलगढ़, फिर सीकर और बाद में जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना के बाद आरोपी कथित रूप से फरार हो गया था और परिवार को धमकियां देने के आरोप भी लगाए गए।
उपचार के दौरान हुई बालिका की मौत
पुलिस के अनुसार बालिका का जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। बाद में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन उसकी तबीयत बिगड़ने पर 18 मई 2026 को उसकी मृत्यु हो गई।
इसके बाद मामले की जांच को और गंभीरता से आगे बढ़ाया गया।
फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा
गठित पुलिस टीम ने तकनीकी एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर फरार आरोपी श्रीराम (52) निवासी वार्ड नंबर 22, नवलगढ़ को 28 मई 2026 को दस्तयाब किया।
पूछताछ और अनुसंधान के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।





